सवाई माधोपुर: जिले में भले ही दो दिनों से बारिश का दौर थम सा गया हो, लेकिन अभी भी करीब एक दर्जन गांवों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं. हालांकि गांवों में भरे पानी का जलस्तर कम जरूर हुआ है, लेकिन अब भी कई गांव जलमग्न हैं और लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त है.
सूरवाल सहित निचले इलाकों मच्छीपुरा और धनौली के करीब 150 घर अभी भी पूरी तरह से पानी से घिरे हुए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पानी आने से खाने-पीने की चीजों की बहुत परेशानी हो गई है. वहीं खेतों में पानी भरने से फसलें खराब हो चुकी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक करीबन 150 घर पानी से घिरे हुए हैं. उनके आने-जाने के लिए भी सभी मार्ग बंद हो गए हैं. अमरूद के पौधों में आए फल भी खराब हो गए हैं.
सूरवाल के साथ ही धनौली गांव के करीबन 100 से अधिक घर ऐसे हैं जो अभी तक पानी से घिरे हैं. धनौली गांव के सरकारी स्कूल में भी दो से तीन फिट तक पानी भरा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि सूरवाल बांध से रिलीज हुआ पानी गांव में घुसने से बाढ़ के हालात बने हैं. प्रशासन ने अब तक उनकी सुध नहीं ली है. ऐसे में ग्रामीण ही एक-दूसरे का सहारा बने हुए हैं. जिन घरों में पानी भरा हुआ है, उनके सदस्य ऊंचे स्थान बने दूसरे ग्रामीणों के घरों में शरण लिए हुए हैं.




















