जोधपुर: राजस्थान हाईकोर्ट में अभिनेता सलमान खान सहित कांकाणी हिरण शिकार प्रकरण से जुड़ी सभी अपीलों को एक साथ सुनवाई के लिए रखने के निर्देश के बावजूद अभी तक सलमान की अपील सूचीबद्ध नहीं हुई. जस्टिस मनोज कुमार गर्ग की बैंच में अधिवक्ता महिपाल विश्नोई ने बताया कि सलमान खान की अपील अभी तक लिस्ट नहीं हुई. इस पर कोर्ट ने सलमान की अपील को सूचीबद्ध करने एवं आगामी 22 सितंबर को सुनवाई की तारीख निर्धारित की है.
बहुचर्चित कांकाणी हिरण शिकार मामले में सैफ अली खान, नीलम, तब्बू व सोनाली बेंद्रे को बरी करने के खिलाफ सरकार की ओर से दायर ‘लीव टू अपील’ पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इसी मामले में सलमान खान से जुड़ी अपील भी हाईकोर्ट में ट्रांसफर हो चुकी है. ऐसे में सभी को एक साथ जोड़कर ही सुनवाई की जाए. पिछली सुनवाई में सलमान सहित सभी अपीलों पर एक साथ सुनवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक ट्रायल कोर्ट से हाईकोर्ट में सलमान खान की अपील सूचीबद्ध नहीं हो पाई.
यह था पूरा मामला: कांकाणी हिरण शिकार प्रकरण बहुचर्चित केस रहा है. यह वर्ष 1998 में लूणी थाने में दर्ज किया गया था. इसके अनुसार हिरण के शिकार के आरोप में सलमान खान, अभिनेता सैफ अली खान, दुष्यंत सिंह, अभिनेत्री नीलम, सोनाली बेंद्रे व तब्बू के खिलाफ दर्ज किया गया था. इसमें सलमान खान पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9/51 के तहत आरोप लगाए गए थे. सलमान खान को छोड़कर सभी सह आरोपियों जैसे सैफ अली खान, नीलम, तब्बू, सोनाली बेंद्रे व दुष्यंत को 5 अप्रैल 2018 को बरी कर दिया गया था. सलमान खान को 5 अप्रैल 2018 को पांच साल की सजा सुनाई गई थी. सजा के खिलाफ सलमान ने जिला एवं सेशन न्यायालय, जोधपुर में अपील दायर की थी, जिस पर उन्हें जमानत मिल गई थी.
जोधपुर की सीजेएम कोर्ट द्वारा सैफ अली खान, नीलम, तब्बू, सोनाली बेंद्रे व दुष्यंत को बरी करने के खिलाफ राज्य सरकार ने राजस्थान हाईकोर्ट में ‘लीव टू अपील’ दायर की थी. इस पर सुनवाई विचाराधीन है. सलमान खान की ओर से पांच साल की सजा को चुनौती देने वाली अपील को हाईकोर्ट में ट्रांसफर करने के लिए एक याचिका दायर की गई थी. इस पर 21 मार्च 2022 को इसे हाईकोर्ट में स्थानांतरित कर करने के आदेश दिए गए थे. राजस्थान हाईकोर्ट ने सभी अपीलों पर एक साथ सुनवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक सलमान खान की अपील हाईकोर्ट में सूचीबद्ध नहीं हो पाई है. ऐसे में, अगली सुनवाई के लिए इसे सूचीबद्ध करते हुए 22 सितंबर की तारीख तय की गई है.




















