सरदारशहर (चूरू) में गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे सरदारशहर-चूरू रोड पर भास्कर नगर कॉलोनी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान चूरू के वार्ड 51 निवासी आजम लुहार (22) और बिलाल लुहार (35) के रूप में हुई है।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को सरदारशहर राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. कृष्ण सिहाग ने इमरान पुत्र शोकिन लुहार को गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर चूरू रेफर कर दिया। बाकी दो घायलों नदीम और बिलाल का इलाज सरदारशहर अस्पताल में जारी है।
जानकारी के मुताबिक सभी युवक परिवार के ही असलम की शादी के बाद मुकलावा (पगफेरा) करने के लिए आ रहे थे। इसका मुकलावा सरदारशहर की नई बस्ती में जबरू लुहार की पोती साहिबा के साथ होना था। रास्ते में अचानक स्कॉर्पियों का संतुलन बिगड़ा और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सरदारशहर थाना अधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया कि अचानक गाड़ी कैसे पलटी, इसके बारे में हम जांच कर रहे हैं।




















