उदयपुर : प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का आज जन्मदिन है. सचिन पायलट इस बार अपना जन्मदिन मेवाड़ के सांवरिया सेठ में मना रहे हैं. इससे पहले पायलट उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी ने उनका गर्म जोशी के साथ स्वागत किया. वहीं, कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट का माला पहनकर और दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया. इस दौरान ‘सचिन पायलट आई लव यू’, ‘प्रदेश का मुख्यमंत्री कैसा हो, सचिन पायलट जैसा हो’, ‘जब-जब सचिन पायलट बोला है, राज सिंहासन डोला है’ जैसे नारे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता लग रहे थे.
मीडिया से बातचीत में क्या बोले पायलट : डबोक एयरपोर्ट पर पायलट ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आज इस पवित्र भूमि पर सांवरिया सेठ के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा. पूरे प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं. ऐसे में भगवान से कामना करता हूं सब लोग सुरक्षित रहें और जो लोग कठिनाइयों में हैं, उनकी मदद ऊपर वाला करे. यही भगवान से प्रार्थना कर रहा हूं. प्रदेश और देशवासियों में सुख चैन अमन की कामना करता हूं.
पायलट ने कहा कि युवाओं को अवसर मिलते रहे. हम सब मिलकर इस प्रदेश की उन्नति की लिए काम करते रहें. कार्यकर्ताओं ने जिस तरह का जोश प्रकट किया उसके लिए आभार. मेवाड़ में सदैव कांग्रेस मजबूत रही है और इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आए हैं, यह दिखाता है कि आने वाले समय में हम और मजबूती से अपने कार्यकर्ताओं को ताकत देंगे. जनता का विश्वास और मन जीतेंगे. पायलट ने कहा कि 3 साल बाद में फिर से कांग्रेस पार्टी की बंपर वापसी होगी.
सचिन पायलट के 48 वें जन्मदिन पर बधाइयों का दौर जारी है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सचिन पायलट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके जन्मदिन की बधाई दी है.




















