राजस्थान के चुरू में आज दोपहर बड़ा हादसा हो गया। भारतीय वायुसेना का फाइटर जेट क्रैश होने से उसमें मौजूद दो पायलटों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि क्रैश के बाद प्लेन कई टुकड़ों में दूर जा गिरा। अब इस पूरे हादसे पर एक चश्मदीद का बयान सामने आया है। उसने बताया कि उसकी बहन क्रैश वाली जगह के पास ही रहती है। उसे लगा कि शायद वह लैंड हो जाएगा,लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
चुरू फाइटर जेट क्रैश हादसे पर चुरू के निवासी पवन ने बताया कि मेरी बहन दुर्घटनास्थल के पास रहती है। विमान नीचा उड़ रहा था और डगमगाता हुआ दिख रहा था। उसे लगा कि वह उतरने वाला है,लेकिन दो मिनट बाद, वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना दोपहर 12:30 बजे से 1 बजे के बीच हुई। दुर्घटना के बाद जेट में आग लग गई। चश्मदीद ने बताया कि क्रैश होने के बाद फाइटर जेट आग का गोला बन गया था। शख्स ने आगे बताया कि जैसे वह लड़खड़ा रहा था,देखकर लगा कि उस विमान की स्थिति अच्छी नहीं थी।




















