जयपुर. राजस्थान में इस बार मानसून ने समय से पहले ही धमाकेदार एंट्री की है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार मानसून के राजस्थान पर जरुरत से ज्यादा ही मेहरबान रहेगा. इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है इस बार मानसून ने एंट्री से पहले ही रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो गई है. राजस्थान में मानसून के आने से पहले 1 जून से 19 जून तक पूरे प्रदेश में औसत से 71 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. सबसे ज्यादा असर पूर्वी राजस्थान में देखा गया है. वहां बीते 19 दिनों में सामान्य से 105 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. जबकि पश्चिमी राजस्थान में 31 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.
मानसून ने इस बार एंट्री के साथ ही लोगों को डराना शुरू कर दिया है. मानसून की एंट्री के बाद राजस्थान के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ बारिश हो रही है. मानसून के आने के दूसरे दिन ही जयपुर और बांसवाड़ा समेत कई शहरों में हालात खराब होने लग गए. मौसम विभाग के अनुसार इस बार का मानसून सामान्य से कहीं ज्यादा सक्रिय है और आने वाले दिनों में इसका असर और गहराने वाला है. मौसम विभाग की मानें तो इस बार राजस्थान में मानसून सामान्य से 10 फीसदी ज्यादा बरसने के आसार हैं. मानसून की जबर्दस्त सक्रियता के कारण प्रदेशभर में तापमापी पारा लुढ़क गया है और गर्मी काफूर हो गई है.




















