जयपुर. राजस्थान को दो नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे मिलने जा रहे हैं. पहले राजस्थान सरकार इन दोनों नए एक्सप्रेसवे को बनाने वाली थी लेकिन अब इन्हें NHAI को सौंप दिया गया है. एक एक्सप्रेसवे 350 किमी लंबा होगा जबकि दूसरे की लंबाई करीब 295 किमी लंबी होगी. इनका नाम है : जयपुर-पचपदरा एक्सप्रेसवे और बीकानेर-कोटपुतली एक्सप्रेसवे. राजस्थान से ही देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे गुजर रहा है. बात जयपुर-पचपदरा की करें तो इसकी अनुमानित लागत 11 492 करोड़ रुपये होगी. इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से जयपुर से जोधपुर के बीच की दूरी सिर्फ चार घंटे में तय होगी. यानी डेढ़ घंटे की बचत होगी. फिलहाल दोनों शहरों की दूरी तय करने में छह घंटे का समय लगता है. नया एक्सप्रेसवे जयपुर, दौसा, टोंक, किशनगढ़, अजमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली और बाड़मेर से गुजरेगा.
295 किमी लंबे बीकानेर-कोटपुतली एक्सप्रेसवे को भी NHAI बनाएगा. इसकी जिम्मेदारी भी एजेंसी ने अपने हाथ में ले ली है. एक्सप्रेसवे की शुरुआती अनुमानित लागत 10839 करोड़ रुपये आंकी गई थी. बीकानेर-कोटपुतली एक्सप्रेसवे बनने के बाद बीकानेर से कोटपूतली के बीच सफर में 6 घंटे लगते हैं. नए एक्सप्रेसवे से करीब 3-4 घंटे में कोटपूतली पहुंचा जा सकेगा.
राजस्थान सरकार ने पिछले बजट में 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण करने का ऐलान किया था. इन एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 2700 किमी से ज्यादा है. इन्हें बनाने में 102151 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. कोटपूतली-किशनगढ़ एक्सप्रेसवे, जयपुर-भीलवाड़ा एक्सप्रेसवे, बीकानेर-कोटपूतली एक्सप्रेसवे, ब्यावर-भरतपुर एक्सप्रेसवे, जालोर-झालावाड़ एक्सप्रेसवे, अजमेर-बांसवाड़ा एक्सप्रेसवे, जयपुर-फलोदी एक्सप्रेसवे, गंगानगर-कोटपूतली एक्सप्रेसवे और जयपुर-पचपदरा एक्सप्रेसवे. इन 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे में से दो एक्सप्रेसवे के निर्माण का जिम्मा एनएचएआई को सौंप दिया गया है.
राजस्थान से नोएडा-गुरुग्राम-मथुरा का सफर हो आसान
राजस्थान में देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे गुजर रहा है. जयपुर-बांदीकुई लिंक एक्सप्रेसवे चालू हो जाने से अब दिल्ली-गुरुग्राम का सफर आसान हो गया है. अन्य शहरों से जयपुर पहुंचने में आसानी हो गई है. इन दो नए एक्सप्रेसवे के बन जाने से प्रदेश के 9 जिलों जयपुर, दौसा, टोंक, अजमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, बाड़मेर और जोधपुर में विकास की रफ्तार और बढ़ेगी.




















