मौसम राजस्थान पर ज्यादा मेहरबान नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के दौरान राजस्थान के विभिन्न जिलों में गरज चमक और तेज हवा के साथ भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे के दौरान राजस्थान के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की से भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े 8 तक पिछले 24 घंटे के दौरान सूबे में सबसे ज्यादा 115 मिलीमीटर बारिश मनोहर थाना (झालावाड़) में दर्ज की गई।
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता के अनुसार, बांसवाड़ा के सलोपाट में 90 मिलीमीटर, जालौर के जसवंतपुरा में 80 मिलीमीटर और धौलपुर के सैपऊ में 70 मिलीमीटर बारिश हुई। बूंदी शहर में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर सैलाब जैसा मंजर नजर आया और तेज बहाव में दोपहिया वाहन तिनके की तरह बहते नजर आए। वहीं फतेहपुर, सीकर में भारी बारिश के बाद सड़क पर सैलाब आ गया। एक कार पानी में डूबने लगी। आनन-फानन में पुलिस ऐक्टिव हुई और कार में फंसे लोगों को ट्रैक्टर की मदद से बचा लिया।
जोधपुर में रविवार को हुई बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी। थोड़े समय की बारिश से नायों का बास, जूनी मंडी, आड़ा बाजार, सदर बाजार और घंटाघर जैसे प्रमुख भीतरी इलाकों में जलभराव हो गया। गलियों में तेज बहाव दिखा जबकि कई दुकानों और घरों में पानी घुस गया। अजमेर में रविवार को मूसलधार बारिश से प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं। मेडिकल कॉलेज चौराहा, कचहरी रोड, सावित्री कॉलेज मार्ग सहित कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। सड़कों पर जमा पानी के कारण कुछ वाहन बंद हो गए जिससे जाम लग गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के बारां और झालावाड़ जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं सूबे के बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर, जालौर और पानी जिलों के अलग-अलग हिस्सों में भारी से ज्यादा भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सूबे के कई जिलों में भारी बारिश का येले अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सूबे के कुछ हिस्सों में वज्रपात की घटनाएं भी देखी जा सकती हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डुंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंत, टोंक और बाड़मेर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बाकी कई जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो कल और परसों भी सूबे में मौसम खराब रहेगा। कल 14 जुलाई को बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़, कोटा, राजसमंद, सिरोही और पाली जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 15 जुलाई को राजस्थान के भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, राजसमंत और पाली जिलों के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 15 जुलाई को राजस्थान के अजमेर, प्रतापगढ़, सिरोही, उदयपुर, जालौर, जोधपुर और नागौर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कई अन्य जिलों में जोरदार बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो 16 जुलाई को भी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम खराब रहेगा।




















