जयपुर
राजस्थान में मानसून की एंट्री हो गई है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे मौसम केंद्र जयपुर ने मानसून की एंट्री की घोषणा की।
जयपुर सहित कई जिलों में बुधवार को रुक-रुककर हल्की बरसात होती रही। सिरोही में सुबह करीब 4 घंटे तक लगातार बरसात हुई। सीकर में दोपहर में 13 एमएम बारिश हुई। यहां नवलगढ़ रोड पर करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया।
उदयपुर, कोटा, पाली, सवाई माधोपुर में भी बारिश हुई। लगातार बरसात से तापमान में भी गिरावट हो रही है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम केंद्र जयपुर ने अगले चार दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
पहले दिन ही 50 प्रतिशत एरिया कवर
आज राजस्थान में मानसून की एंट्री हो गई है। तय समय से करीब एक हफ्ते पहले पहुंचे मानसून की एंट्री प्रदेश के दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी हिस्से से हुई है। पहले दिन ही मानसून ने प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से को कवर कर लिया है।




















