राजस्थान के चुरू में बुधवार को एक फाइटर प्लेन क्रैश हो गया। मलबे से दो शव भी बरामद किए गए हैं। यह वायुसेना का टू सीटर जगुआर लड़ाकू विमान क्रैश था। लड़ाकू विमान ने सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ान भरी थी और इसमें दो पायलट सवार थे।
चुरू के रतनगढ़ में यह हादसा हुआ है। बुधवार दोपहर तेज आवाज के साथ लोगों ने विमान को जमीन पर बिखरे हुए देखा। कुछ ही पलों में खेतों में दूर तक विमान का मलबा बिखर गया, जिसमें आग लग चुकी थी। स्थानीय लोगों ने दो लोगों के क्षत-विक्षत शव भी देखे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। मलबे से दो शव बरामद किए गए हैं।
राजालदेसार थाने के एसएचओ कमलेश ने बताया कि 1.25 पर भनोदा गांव के खेतों में विमान गिरा। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के पास मानव अंग बरामद किए गए हैं।
ग्रामीणों में दहशत, भारी संख्या में जुटी भीड़
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने आसमान में तेज धमाके की आवाज के बाद धुएं का गुबार उठता देखा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। कई लोग घटनास्थल के पास जमा हो गए हैं। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है




















