राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े तलवार से ताबड़तोड़ वार कर के एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि हमलावर पीड़िता का परिचित था। वह एक कार से मौके पर पहुंचा और महिला पर हमला बोल दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसको आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह घटना कलिंजरा कस्बे में हुई। इस घटना को सीसीटीवी में रिकॉर्ड कर लिया गया। पुलिस आरोपी महिपाल बागोरा की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, हमलावर एक कार में आया और महिला पर तलवार से कई बार वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी अपने वाहन को पास ही छोड़कर पैदल ही भाग गया।
राहगीरों ने पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की 36 साल बताई जाती है। बांसवाड़ा के पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन ने बताया कि महिला एक टीचर थी। उसके कथित पूर्व प्रेमी महिपाल बागोरा ने उस पर तलवार से हमला किया। हमले में बुरी तरह घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया गया है। उसकी पहचान करने और उसका पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं। कई टीमें गठित की गई हैं और आस-पास के इलाकों से फुटेज की जांच की जा रही है। कलिंजरा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।




















