राजगढ़ सादुलपुर पुलिस ने एरिया डोमिनेशन अभियान के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें 15 हजार रुपए का एक फरार ईनामी अपराधी भी शामिल है।
थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देश पर उक्त अभियान के लिए 6 पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसमें एजीएफटी टीम भी शामिल रही। गिरफ्तार अपराधियों में दो वांछित अभियुक्त, एक हिस्ट्रीशीटर और चार वारंटी भी शामिल है। जिस ईनामी अपराधी को पुलिस ने दबोचा है वह राजगढ़ तहसील के गांव श्योपुरा ढाणी का सुनील कुमार है। यह टॉप टेन अपराधियों में शामिल बताया गया है। इस पर चूरू जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार का तथा जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का गिरफ्तारी इनाम घोषित किया हुआ है। सुनील कुमार पर विभिन्न थानों में 13 गंभीर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं।
हरियाणा पुलिस पर हमला करने के मुकदमे सहित इस पर राजगढ़, सिद्धमुख के अलावा हरियाणा के बहल, चरखी दादरी, नागौर जिले के परबतसर और जयपुर ग्रामीण पुलिस वृत के शाहपुरा में भी इसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। 10 साल से फरार यह अपराधी पहचान छुपा कर श्रीगंगानगर में रह कर खेती कर रहा था।
इनके अलावा जिन हिस्ट्रीशीटर, स्थाई वारंटी व अन्य आरोपों में जिनको गिरफ्तार किया गया है उसमें राजगढ़ तहसील के सदाऊ गांव का रणधीर जाट शामिल है। इसको भादरा से गिरफ्तार किया गया है। इसी प्रकार न्यायालय वारण्टी राजगढ़ के वार्ड 1 के कन्हैयालाल नायक पवन कुमार नायक, वार्ड 8 के अजरुद्दीन कायमखानी, वार्ड 2 के निवासी विकास नायक तथा मानपुरा गांव का मनोज नायक भी शामिल है। गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर राजगढ़ का ही निवासी किशनलाल नायक उर्फ गेलड़िया है। पुलिस ने संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई के तहत राजगढ़ के वार्ड 26 के मुकेश धाणक, अजय राजपूत, वार्ड 17 के निवासी सलीम दमामी, मानपुरा के गांव के राजेश नायक, लंबोर बड़ी के सुनील जाट, ददरेवा के नितिन राजपूत और सुहासड़ा लोहारू के राजेश लुहार को भी गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही की है।




















