कोटा : रक्षाबंधन का त्योहार 9 अगस्त को है, जिसको मनाने के लिए बहनें अपने भाई के घर पर या भाई अपनी बहनों के घर पर जाने वाले हैं. इसके अलावा बाहर नौकरी या पढ़ाई कर रहे लोग भी अपने घरों पर आएंगे. शिक्षा नगरी कोटा से भी बड़ी संख्या में लोग अपने घर को जाने वाले हैं, जिनमें पढ़ने वाले कोचिंग स्टूडेंट भी शामिल हैं, लेकिन उन्हें भारी वेटिंग या रिग्रेट जैसी समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
वर्तमान में सोगरिया से पटना के बीच चलाई जा रही है. यह यूपी व बिहार जाने के लिए और कोटा-पटना रेगुलर ट्रेन के यात्री भार को कम करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है. इसके बावजूद अन्य रूट पर मांग आने पर ट्रेन ऑन डिमांड चलाने का प्रयास किया जाएगा.
रेलवे के बदले नियमों के अनुसार वेटिंग टिकट पर यात्रा व्यक्ति नहीं कर पाएगा, लेकिन ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं. लंबी वेटिंग के जरिए परेशानी हो रही है. कोटा से वेटिंग की समस्या उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बिहार के पटना, महाराष्ट्र के पुणे और दिल्ली जाने वाली ट्रेन में हो रही है. इन ट्रेनों में लगभग रिग्रेट जैसे ही हालात बने हुए हैं. ऐसा कोटा से जाने में ही नहीं, बल्कि वापसी के दौरान भी हो रहा है. दूसरी तरफ इन शहरों से राखी के पहले आने और बाद में जाने के दौरान भी वेटिंग जैसे हालात ही मिल रहे हैं.
कोटा से पुणे के लिए 8 अगस्त को कोई ट्रेन नहीं : राखी 9 अगस्त की है, लेकिन कोटा से पुणे जाने के लिए 8 अगस्त को कोई ट्रेन नहीं है. वहीं, पुणे के लिए कोटा से चलने वाली कोई भी ट्रेन नहीं है. यहां पर दूसरे स्टेशन से आकर ही ट्रेन जाती है. राखी के दिन 9 अगस्त की जितनी ट्रेन है, उनमें या तो रिग्रेट है या फिर काफी ज्यादा वेटिंग का टिकट मिल रहा है. ट्रेन नंबर 12940 जयपुर पुणे ट्रेन में तो रिग्रेट की स्थिति है. दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से मिरज जंक्शन जाने वाली ट्रेन दर्शन एक्सप्रेस 12494 में भी काफी वेटिंग है. यहां स्लीपर क्लास में रिग्रेट जैसी स्थिति है, जबकि थर्ड एसी में लंबी वेटिंग लिस्ट है, जबकि राखी के एक दिन पहले 8 अगस्त को कोई भी ट्रेन कोटा से पुणे के लिए नहीं है.
आना ही नहीं जाना भी होगा मुश्किल : राखी के दो दिन पहले 7 अगस्त को हजरत निजामुद्दीन से पुणे के बीच कोटा होकर चलने वाली दुरंतो 12264 ट्रेन में वेटिंग की स्थिति है. वहीं, अजमेर से दौंड जंक्शन के बीच चल रही 09625 अजमेर दौंड सुपरफास्ट वीकली स्पेशल ट्रेन में भी वेटिंग की स्थिति है. पुणे से कोटा आने वाली 8 अगस्त को दुरंतो एक्सप्रेस 12263 ट्रेन में भी वेटिंग है. इसी दिन देर रात 12 के बाद (9 अगस्त को) दौंड अजमेर सुपरफास्ट स्पेशल 09626 में भी वेटिंग जैसे हालात हैं. इसी तरह से 7 अगस्त को पुणे से शाम को चलने वाली सोलापुर अजमेर सुपरफास्ट स्पेशल 09628 ट्रेन में भी भारी वेटिंग है.
लखनऊ और पटना में भी भारी वेटिंग : कोटा से पटना के बीच चलने वाली कोटा-पटना एक्सप्रेस 13238 में भी सभी क्लास में वेटिंग की स्थिति है. यह स्थिति 7, 8 और 10 अगस्त को है, हालांकि, अहमदाबाद से पटना के बीच में चलाई गई स्पेशल ट्रेन 09447 के केवल थर्ड एसी में 7 अगस्त को कंफर्म टिकट मिल रहा है, शेष में वेटिंग है. कोटा के सोगरिया स्टेशन से पटना के दानापुर तक रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाई हुई है. इसमें कंफर्म टिकट भी मिल रहा है, लेकिन राखी 9 तारीख की है और ट्रेन का कोटा से फेरा 4 और 11 अगस्त और दानापुर से 5 व 12 अगस्त को है. कोटा से उत्तर प्रदेश के लखनऊ जाने वाली अवध एक्सप्रेस 19037 में स्लीपर रोड थर्ड एसी में 7 व 8 अगस्त को रिग्रेट जैसे हालात हैं. वहीं, 10 और 11 अगस्त को वापसी में भी इसी तरह के हालात अवध एक्सप्रेस 19038 में हैं. लखनऊ जंक्शन से बांद्रा टर्मिनस के बीच चलने वाली वीकली सुपरफास्ट 20922 में भी काफी ज्यादा वेटिंग 10 अगस्त को है.
प्रीमियम ट्रेनों में टिकट काफी महंगे : इसी तरह से कोटा से दिल्ली जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में 8 अगस्त की नाइट को रिग्रेट जैसे हालात हैं. इन ट्रेनों में इंदौर-नई दिल्ली सुपरफास्ट 20957, डॉ. अंबेडकर नगर-नई दिल्ली सुपरफास्ट 20155, इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस 12415 है. हालांकि, कोटा से शाम को रवाना होने वाली सोगरिया-नई दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन में टिकट मिल रहा है. प्रीमियम और महंगे किराए वाली ट्रेनों में टिकट इक्के दुक्के ही मिल रहे हैं, लेकिन डायनेमिक फेर लगने के चलते काफी ज्यादा किराया हो रहा है. 10 अगस्त को दिल्ली से वापसी में मेवाड़ एक्सप्रेस 12963, नई दिल्ली-डॉक्टर अंबेडकर नगर सुपरफास्ट 20156, नई दिल्ली-इंदौर एक्सप्रेस 12416 और हजरत निजामुद्दीन-बांद्रा टर्मिनस गरीब रथ 12910 ट्रेन में वेटिंग या रिग्रेट जैसे हालात हैं.




















