कोटा: कोटा व सोगरिया स्टेशन से गुजरने वाली चार ट्रेनें अगस्त के अंतिम सप्ताह में रद्द रहेंगी. इनमें जोधपुर से पुरी और शालीमार से उदयपुर सिटी के बीच आने व जाने वाली वीकली स्पेशल ट्रेन शामिल हैं. इनमें एक ट्रेन कोटा जंक्शन और दूसरी सोगरिया स्टेशन से गुजरती है. इन ट्रेनों से जयपुर, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी व बारां स्टेशन से यात्री सफर करते हैं.
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल के चांपा और झारसुगुड़ा स्टेशन के बीच में तकनीकी कार्य किया जाना है. इसके चलते ट्रेन नंबर 20813 पुरी-जोधपुर 27 अगस्त को रद्द रहेगी. यह कोटा जंक्शन से 29 अगस्त को गुजरने वाली थी. इसी के चलते 30 अगस्त को जोधपुर-पुरी ट्रेन को भी रद्द किया जा रहा है. इसी दिन यह गाड़ी जयपुर और कोटा स्टेशन से भी गुजरती. ट्रेन नंबर 20971 उदयपुर सिटी-शालीमार वीकली एक्सप्रेस 30 अगस्त को रद्द रहेगी. यह ट्रेन कोटा के सोगरिया स्टेशन से सुबह 5:45 बजे आती है. वापसी में ट्रेन नंबर 20972 शालीमार-उदयपुर सिटी वीकली एक्सप्रेस 31 अगस्त को रद्द की गई है. सोगरिया यह अगले दिन यानी 1 सितंबर रात को पहुंचती, लेकिन यह ट्रेन रद्द रहेगी.
ये दो ट्रेन सवाई माधोपुर होकर चलेगी : जयपुर के खातीपुरा स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते कुछ ट्रेन डाइवर्ट कर चलाने की योजना है. इसमें 13 सितंबर को ट्रेन नंबर 14853 वाराणसी-जोधपुर एक्सप्रेस बदले हुए रूट से चलेगी. वह भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर की जगह भरतपुर, सवाई माधोपुर, जयपुर होकर चलाई जाएगी. इसी तरह ट्रेन नंबर 12403 प्रयागराज-लालगढ़ (बीकानेर) एक्सप्रेस आगरा कैंट, मथुरा, अलवर व जयपुर की जगह आगरा कैंट, बयाना, सवाई माधोपुर, जयपुर होकर चलेगी. ये दोनों ट्रेनों के इन फेरों में कोटा रेल मंडल के बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर स्टेशन पर स्टॉपेज होगा.




















