सवाईमाधोपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अतिवृष्टि प्रभावित सवाईमाधोपुर का हवाई दौरा किया. इस मौके पर उन्होंने जनसुनवाई और जनसभा की. उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं. नुकसान की भरपाई सरकार करेगी.
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई स्थल पर दूर-दराज से आए लोगों की समस्याओं को सुना और उनके ज्ञापन स्वयं स्वीकार किए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा में कहा कि जिले में ईआरसीपी का बहुत बड़ा बांध बनने जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी के बहकावे में नहीं आएं और बांध को बनाए जाने में अपना पूरा सहयोग प्रदान करें. इलाके में बांध बनने से समूचे इलाके में खुशहाली आएगी.
नुकसान की भरपाई होगी: मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि में कई लोगों का नुकसान हुआ है. कई लोगों के मवेशी बह गए. किसानों को नुकसान हुआ है. कई पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई, रास्ते टूट गए, लेकिन इन सब की भरपाई सरकार करने वाली है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सभी कलेक्टरों को आदेशित कर दिया है. वह अपने-अपने इलाकों में अतिवृष्टि से हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रस्तुत करें. नुकसान की भरपाई हर हाल में सरकार करेगी. मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बेरोजगार वर्ग के लिए घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में बहुत जल्द सरकारी नियुक्तियां की जाएगी. इससे बड़ी तादाद में युवाओं को रोजगार मिलेगा.
अमरूद प्रसंस्करण इकाई की मांग: जनसभा में आपदा प्रबंधन एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि जिले में अमरूद की बंपर पैदावार होती है. उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि यहां अमरूदों की प्रसंस्करण (फ्रूट प्रोसेसिंग) इकाई स्थापित की जाए. डॉ. मीणा ने कहा कि ईआरसीपी योजना के तहत सवाई माधोपुर में प्रस्तावित बांध का कुछ लोग विरोध कर रहे हैं, जबकि इससे पूरे क्षेत्र को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित होने वाले 7-8 गांवों के लोगों को उचित मुआवजा और पुनर्वास दिया जाएगा.
सूरवाल बांध का पानी बनास नदी में मोड़ने के निर्देश: डॉ. मीणा ने सूरवाल बांध के ओवरफ्लो से हो रहे नुकसान को रोकने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि अतिरिक्त पानी को बनास नदी में मोड़ दिया जाए. मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को तुरंत मंजूरी दे दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से फसलें, मवेशी और बुनियादी ढाँचे को नुकसान हुआ है. उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिया है कि वे क्षति आकलन रिपोर्ट जल्द पेश करें और प्रभावितों को पूरा मुआवजा दिया जाए. मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सवाईमाधोपुर मुख्यालय स्थित चकचैनपुरा हवाई पट्टी पर पहुंचे. वहां पहुंचते ही जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक, खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल और भाजपा जिला अध्यक्ष व पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार भी मौजूद रहे.




















