मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि सरकार ने जो वादे किए हैं, वो सभी पूरे करेंगे। हम हर साल अपने वादों को पूरा करने की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आएं तो पूछना कि उनके वादों का क्या हुआ?
मंगलवार को बीकानेर के गुंसाईसर बड़ा में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ भी थे। वो पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत आयोजित शिविर का पहले अवलोकन करने के बाद सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। यहां से मुख्यमंत्री जोधपुर के लिए रवाना हुए हैं।
ट्रोमा सेंटर बनाएगी सरकार
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ के लिए जमीन देने काम भी सरकार करेगी और इसके लिए जरूरी बजट भी देंगे। कांग्रेस ने जिस व्यापारी से घोषणा की थी, वो ये काम नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस ने सिर्फ घोषणा की लेकिन हम ट्रोमा सेंटर बनाने का काम करेंगे। कांग्रेस ने व्यापारी पर दबाव बनाकर सिर्फ घोषणा करवा ली, अब वो टालमटोल कर रहे हैं।
विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री
तय कार्यक्रम के अनुसार सीएम भजन लाल शर्मा मंगलवार को दोपहर 2:20 बजे जोड़ी (चूरू) से हवाई मार्ग से प्रस्थान कर दोपहर 2:50 बजे श्रीडूंगरगढ़ के गुसांईसर बड़ा हेलीपेड पहुंचने वाले थे लेकिन उनका कार्यक्रम करीब डेढ़ घंटे विलंब से चल हा है। वे 3 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचने वाले थे, लेकिन करीब चार बजकर बीस मिनट पर हेलीपेड पर पहुंचे हैं।




















