अलवर: पीढ़ी दर पीढ़ी मिट्टी के बर्तन बनाने वाले एक शिल्पकार परिवार के बेटे ने अपने जीवन के लिए एक अलग ही राह चुनकर परिवार ही नहीं, बल्कि अलवर सहित प्रदेश का नाम रोशन किया. दरअसल, अलवर शहर के निवासी सचिन प्रजापत अपने पिता के साथ जिले की सबसे पुरानी रामलीला देखने के लिए आते थे. इस दौरान उनका रामलीला से जुड़ाव हुआ और अब वह देश की सबसे बड़ी रामलीला में किरदार निभाने जा रहे हैं.
सचिन ने बताया कि दिल्ली में वह रामलीला के लिए तैयारी कर रहे हैं. यह राम लीला 22 सितंबर से शुरू होगी. फिलहाल, सचिन फिल्मी जगत के सितारे के साथ तैयारी के माध्यम से मंच साझा कर रहे हैं. सचिन इससे पहले एक टीवी शो में भी किरदार निभा चुके हैं. सचिन के पिता धर्मचंद प्रजापत ने भी शहर के तांगा स्टैंड पर होने वाली राम लीला में किरदार निभाया है.
अलवर शहर निवासी सचिन प्रजापत ने बताया कि बचपन से ही अपने पिता के साथ शहर के तांगा स्टैंड पर होने वाली रामलीला को देखने आते हैं. छोटी उम्र में ही उन्हें इससे लगाव हो गया. पिता को रामलीला में किरदार निभाते देख सचिन की भी इच्छा होने लगी कि वह भी रामलीला में किसी किरदार को निभाए. धीरे-धीरे वह खुद को इसके लिए तैयार करने लगे. कपिल ने बताया कि 2015 में उन्होंने डांसिंग की शुरुआत की.
उन्होंने दिल्ली में डांस क्लास ली और अपने आप को इसमें निपुण किया. इसके बाद उन्हें जिला स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर भी अवार्ड अपने नाम किए. उन्होंने बताया कि कोरोना के दौरान उन्होंने ऑनलाइन डांसिंग क्लास दी, जिसमें कई लोग जुड़कर डांस सीखते थे, लेकिन उनका शुरुआती सपना मंच पर अपनी कला को प्रदर्शित करना था. इसके लिए सचिन 2022 में दिल्ली गए और वहां थियेटर एक्टिंग क्लासेस लेना शुरू किया.
3 साल एक्टिंग सीखने के बाद रामलीला में मिला मौका : सचिन प्रजापत ने बताया कि उन्होंने 3 साल तक एक्टिंग व थिएटर की क्लास लेने के बाद दिल्ली के विवेक विहार में रामलीला के मंच पर अपनी कला को प्रदर्शित करने का मौका मिला. यहां उन्होंने सुमंत का किरदार निभाकर लोगों को अपनी कला से आकर्षित किया. इसके चलते उदयपुर में भी उन्होंने रामलीला में अपनी कला का प्रदर्शन किया. इस रामलीला में सचिन ने सुमंत का किरदार के साथ एक अन्य किरदार निभाया.
टीवी सीरियल में सेनापति का निभाया किरदार : सचिन प्रजापत ने बताया कि रामलीला में किरदार निभाने के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ा. इसके बाद उन्हें मीरा टीवी सीरियल में काम करने का मौका मिला, जहां उन्होंने सेनापति का किरदार निभाया. उनके इस किरदार ने दर्शकों के दिल में जगह बनाई. इसके बाद अब उनका चयन भारत की सबसे बड़ी लव कुश रामलीला में एक किरदार के लिए हुआ है.
देश की सबसे बड़ी रामलीला की कर रहे तैयारी : सचिन प्रजापत ने बताया कि दिल्ली में काम करते हुए उन्हें देश की सबसे बड़ी रामलीला कही जाने वाली लव कुश रामलीला के बारे में पता लगा. यहां सचिन ने एक किरदार निभाने के लिए ऑडिशन दिया. ऑडिशन के दौरान सचिन प्रजापत ने अपने सुमंत के किरदार की प्रस्तुति दी, जिसके बाद उनका सिलेक्शन इस किरदार के लिए हुआ. फिलहाल, सचिन लव कुश रामलीला की तैयारी के लिए दिल्ली में फिल्मी जगत के सितारों के साथ मंच साझा कर रहे हैं. यहां विंदू दारा सिंह, शाहबाज खान (धार्मिक रामलीला) आर्यन बब्बर, शिल्पा रायजादा सहित कई अन्य हस्तियां अपनी तैयारी कर रहे हैं. सचिन ने बताया कि रामलीला की तैयारी शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक होती है. इस दौरान पूरी शिद्दत से अपनी तैयारियों को परखकर कमियों को दूर किया जाता है. तैयारी के दौरान सभी एक दूसरे की मदद करते हैं.
देश के सबसे बड़े मंच पर परफॉर्म करेगा बेटा : सचिन के पिता धर्मचंद प्रजापत ने बताया कि उनके बड़े बुजुर्ग मिट्टी के कलाकृतियां बनाने का कार्य करते थे. पीढ़ी दर पीढ़ी यह कार्य चल रहा है, उसी को वह संजो रहे हैं. उन्होंने बताया कि वह कई सालों से तांगा स्टैंड पर रामलीला देखने के लिए जाते हैं. बचपन से ही उनका बेटा सचिन भी उनके साथ रामलीला देखने जाता था. इस दौरान कई बार उन्होंने रामलीला में किरदार निभाया, जिसे देखकर सचिन के मन में भी रामलीला में किरदार निभाने की इच्छा जागृत होने लगी.
उन्होंने बताया कि सचिन ने एक्टिंग के लिए दिल्ली में क्लासेस भी ली. आज सचिन देश की सबसे बड़ी रामलीला में मंच पर अपना किरदार निभाएगा, जो परिवार के लिए बड़ी बात है. कारण है कि हमारा परिवार मिट्टी का काम कर रहा है, लेकिन सचिन ने अपने लिए अलग राह चुनी, जिसमें वह कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ रहा है. वहीं, सचिन ने बताया कि वह अब आगे टीवी सीरियल, वेब सीरीज, शो में जाने के लिए तैयारी कर रहे हैं.




















