भरतपुर: शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर का शनिवार का जिले का दौरा कई मायनों में अहम रहा. एक ओर जहां उन्होंने हाल ही में झालावाड़ जिले में स्कूल भवन गिरने से हुई दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार की. वहीं, दूसरी ओर सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने को लेकर कई बड़े ऐलान किए. मंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे वाले स्कूल का भवन जर्जर भवनों की सूची में शामिल नहीं था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ. अब जर्जर भवनों की मरम्मत में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी और प्रक्रिया को गति दी जाएगी. साथ ही वे गरीब बच्चों से मिले और भरतपुर व डीग जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की.
मंत्री दिलावर ने कहा कि जब अच्छाई की जिम्मेदारी हमारी है तो गलती की भी हमारी ही है. वे बोले,’ मैं झालावाड़ स्कूल के हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं’. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग की खामियों को दूर किया जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान पर मंत्री दिलावर ने कहा कि हमने जर्जर स्कूल भवनों की सूची मांगी थी, लेकिन जिसमें हादसा हुआ वह स्कूल उस सूची में नहीं था. स्कूल प्रशासन का तर्क है कि एक साल पहले ही एक लाख रुपए से मरम्मत कराई गई थी, लेकिन कुछ कमरे और उसकी दीवारें जर्जर थी. इसकी वजह से यह हादसा हुआ.
मरम्मत के लिए बजट और प्रक्रिया पर सफाई दी: मंत्री ने बताया कि बीते वर्ष 82 करोड़ रुपए स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए दिए गए थे. इस वर्ष यह राशि बढ़ाकर 175 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है. उन्होंने कहा कि सरकारी प्रक्रियाओं में कुछ समय लगता है, लेकिन फिर भी हम तेजी से काम करवा रहे हैं. जर्जर भवनों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जा रही है. दिलावर ने इस बात पर संतोष जताया कि इस बार सरकारी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम निजी स्कूलों की तुलना में बेहतर रहा है. उन्होंने कहा कि गरीबी समेत तमाम चुनौतियों के बावजूद सरकारी स्कूल के बच्चे अच्छे परिणाम ला रहे हैं. इसके लिए शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को बधाई देता हूं. हमें ऐसी स्थिति बनानी है कि लोग निजी विद्यालयों को भूल जाएं.
माला पहने 36 साल हो गए: एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि वे कहीं भी स्वागत-सम्मान नहीं कराते. उन्हें माला पहने 36 साल हो गए हैं. उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना ही असली सम्मान है. मंत्री ने भरतपुर स्थित ऐतिहासिक किला परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीरों को नमन किया. इसके बाद उन्होंने बिहारी जी मंदिर के परिक्रमा मार्ग में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
गरीब बच्चों से की मुलाकात, जाना हाल: मंत्री दिलावर भरतपुर के रणजीत नगर स्थित आदर्श विद्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने गरीब बच्चों से मुलाकात की और उनकी शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली. इन बच्चों में गाड़िया लोहार और अन्य गरीब बस्तियों से आए विद्यार्थी शामिल थे. मंत्री ने बच्चों से संवाद भी किया और उनकी पढ़ाई के बारे में जाना. भरतपुर और डीग के जिला अधिकारियों के साथ हुई बैठक में शिक्षा, पंचायत और विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई. मंत्री ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए.




















