भरतपुर : राज्य के जल संसाधन एवं भरतपुर जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने झालावाड़ स्कूल हादसे को लेकर विपक्ष की ओर से बयानबाजी पर कहा कि विपक्ष का काम विरोध करना है, लेकिन यदि कोई पार्टी ऐसे दुःखद हादसों पर भी राजनीति करने लगे तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
उन्होंने कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे स्वयं शिक्षा मंत्री रह चुके हैं, ऐसे में उन्हें सुझाव और सहयोग देना चाहिए था. मगर वे लगातार केवल अखबारों में सुर्खियां पाने के लिए बयान देते हैं और लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं. जब किसी को रोज बोलने की आदत हो जाती है तो उसके बारे में ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं.
प्रदेश में भाजपा सरकार के पिछले डेढ़ साल के कार्यकाल में कई ऐसे जनहितकारी फैसले लिए गए और योजनाएं धरातल पर उतारी गईं, जो कांग्रेस सरकार अपने पूरे पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं कर सकी. उन्होंने कहा कि जब भी हम किसानों और विकास की बात करते हैं, विपक्ष के लोग बेवजह की बयानबाजी करने लगते हैं.
मंत्री रावत रविवार को भरतपुर में विभागीय समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए कड़े और ठोस कदम उठा रही है. जिले में डेढ़ साल के भीतर 30 किसानों को फार्म पॉन्ड की सुविधा दी गई, जिससे उन्हें वर्षा जल संरक्षण का लाभ मिला. साथ ही जिले में 68150 मीटर की तारबंदी करवाई गई, ताकि फसलों को आवारा पशुओं से सुरक्षा मिल सके. उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में इन योजनाओं का लाभ किसी किसान को नहीं मिला.
हरियालो राजस्थान अभियान में बढ़ा उत्साह : रावत ने बताया कि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में झील का बाड़ा क्षेत्र में पौधारोपण किया गया है. इस वर्ष जिले में 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए प्रशासन और वन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भरतपुर चूंकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह जिला है, इसलिए हर योजना के क्रियान्वयन में यह जिला टॉप 5 में होना चाहिए. बैठक में उन्होंने दोनों जिलों भरतपुर व धौलपुर के कलेक्टर को निर्देश दिए कि वे दो दिन में सभी सरकारी भवनों की स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि जर्जर भवनों की मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कदम उठाया जा सके.
नए केंद्रीय बस स्टैंड की जल्द शुरुआत : भरतपुर शहर के केंद्रीय बस स्टैंड की स्थिति पर भी मंत्री रावत ने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भरतपुर के लिए नए बस स्टैंड की घोषणा की है. जल्द ही उसकी ड्रॉइंग को अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा. बैठक में सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में कोताही न बरतें. खासतौर पर किसानों, युवाओं और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता से लाभ पहुंचाया जाए.




















