भीलवाड़ा: जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव निवासी महावीर प्रसाद कुमावत ने भीलवाड़ा एसपी को रिपोर्ट देकर सूदखोरी, संपत्ति हड़पने, जान से मारने की धमकी के आरोप लगाते हुए भाजपा नेता दिलीप गुर्जर पर ठोस कारवाई की मांग की है. पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामले का सुपरविजन कर रहे शाहपुरा के एएसपी राजेश आर्य ने बताया कि भाजपा नेता दिलीप गुर्जर पर पीड़ित ने ब्याज (सूदखोरी) का आरोप लगाया है. इसके खिलाफ शाहपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित के लगाए आरोपों पर हर पहलु से जांच की जा रही है. प्रार्थी महावीर प्रसाद ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2008 में मोबाइल रिपेयरिंग का व्यवसाय शुरू किया था. वर्ष 2022 में दिलीप गुर्जर और उसका बेटे दिग्विजय गुर्जर के संपर्क में आए और व्यवसाय आगे बढ़ाने के नाम पर साहूकारी दर पर रुपए उधार लिए.
उन्होंने बताया कि शुरुआत में 4 लाख रुपए लिए गए और बाद में कई चरणों में कुल 18 लाख रुपए तक उधारी पहुंच गई. प्रार्थी का आरोप है कि प्रत्येक बार उधारी पर प्रार्थी से खाली स्टाम्प, चेक व दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए. प्रार्थी ने भाजपा नेता दिलीप गुर्जर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उधारी के नाम पर सूदखोरों ने उसकी 89 लाख रुपए कीमत की एक दुकान और एक आवासीय भूखंड की जबरन रजिस्ट्री करवा ली और मात्र 2 लाख का चेक दिया. बकाया 87 लाख रुपए अब तक नहीं लौटाए. पैसे मांगने पर जान से मारने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती है. पीड़ित ने भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव से इस बारे में शिकायत की. इसके बाद शाहपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जाच शुरू कर दी है.
वहीं भाजपा नेता दिलीप गुर्जर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि 9 महीने पहले मैंने ही प्लाट लिया था. उसके पैसे का भुगतान कर दिया है. जो मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, उनके खाते में इंद्राज है. षड्यंत्र के तहत मेरी राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. इस मामले में पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा हूं. जांच के बाद पूरी सत्यता सामने आ जाएगी.




















