भरतपुर: नेतृत्व सिर्फ आदेश देने में नहीं, बल्कि मौके पर डटकर काम करने में है, यही मिसाल पेश की भरतपुर नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने. बारिश के कारण भरतपुर शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति हो गई. आयुक्त इसे देखने के लिए निकले थे. इस दौरान उन्होंने एक जगह पानी जमा देखा तो खुद हाथों से नाली की सफाई कर दी और वहां जमा पानी निकल गया. इस पूरी घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
गुरुवार को हुई तेज बारिश के कारण मुख्य सड़कों, गलियों और बाजारों में पानी भर गया. इसी दौरान नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई ने बारिश के बीच खुद गाड़ी से निकलकर शहर का निरीक्षण शुरू किया. वे कुम्हेर गेट से होते हुए हीरादास चौराहे तक पहुंचे, जहां सड़क पर काफी पानी जमा मिला. जांच करने पर पता चला कि सड़क के किनारे बना नाला/नाली कचरे, पत्थरों और ईंटों से जाम हो गया है, जिसके चलते पानी सड़क पर इकट्ठा हो रहा था. सामान्यत: ऐसे हालात में अधिकारी कर्मचारियों को मौके पर बुलाते हैं, लेकिन श्रवण विश्नोई ने किसी का इंतजार नहीं किया.
उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और खुद अपने हाथों से ही पत्थरों व कचरे को हटाने लगे. दस मिनट की मशक्कत के बाद नाला खुल गया और सड़क पर जमा पानी धीरे-धीरे नाले में बहने लगा. देखते ही देखते सड़क पूरी तरह साफ हो गई. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने यह नजारा अपने मोबाइल में कैद कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग आयुक्त की जमकर तारीफ करने लगे.
आयुक्त विश्नोई ने बताया कि बारिश के कारण शहर में जगह-जगह पानी जमा हो गया है. वे खुद शहर का निरीक्षण कर रहे थे, ताकि जलभराव की समस्या को जल्द से जल्द निपटाया जा सके. हीरादास चौराहे पर सड़क का पानी नाले में नहीं जा रहा था. इस दौरान एक नाला पत्थरों और कचरे से बंद हो गया था. आसपास कोई साधन नहीं मिला, तो अपने हाथों से ही सफाई कर दी. कुछ ही देर में पानी निकलने लगा और सड़क साफ हो गई.




















