जयपुर: भजनलाल मंत्रिमंडल की बैठक सोमवार 15 जुलाई को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित होगी. बैठक में जमीन आवंटन सहित नगरीय विकास विभाग, शिक्षा, आपदा प्रबंधन सहित कई अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में दोपहर 12 बजे मंत्रिमंडल और दोपहर 1 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक होगी.
मंत्रिमंडल सचिवालय ने भी इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है. करीब 3 महीने के बाद भजनलाल कैबिनेट की बैठक आयोजित होने जा रही है. हालांकि, बैठक का अभी तक कोई आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि पूर्ववर्ती सरकार के समय हुए जमीन आवंटन, नगरीय विकास विभाग, आपदा प्रबंधन, शिक्षा, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में चर्चा होनी है.
विधानसभा सत्र बुलाए जाने का प्रस्ताव भी हो सकता है पास
वहीं, जानकारों की मानें तो विधानसभा के आगामी मानसून सत्र बुलाए जाने को लेकर भी बैठक में प्रस्ताव लाया जा सकता है और उसके बाद प्रस्ताव पर मुहर लगाकर उसे राज्यपाल को भेजा जा सकता है. इसके अलावा आगामी माह में स्वाधीनता दिवस के मौके पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम इस बार जोधपुर में किए जाने को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी.
विपक्ष के हमलों पर भी बैठक में होगी चर्चा
इधर कानून व्यवस्था, इलेक्ट्रिक स्मार्ट मीटर, बजरी माफिया जैसे मुद्दों पर विपक्ष की ओर से सरकार को निशाना बनाए जाने को लेकर भी बैठक में चर्चा हो सकती है और बैठक में विपक्ष के हमलो का करारा जवाब देने की रणनीति पर भी मंथन हो सकता है. वहीं, चर्चा यह भी है कि बजट सत्र के दौरान सरकार की ओर से की गई घोषणाओं पर विभाग बार कितना काम हुआ है. कितनी योजनाएं धरातल पर उतरी है उसे लेकर भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंत्रियों से विभागों का रिपोर्ट कार्ड लेंगे.




















