सीकर. जिले के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में उस समय हंगामा हो गया जब दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के साथ कुछ दुकानदारों ने मारपीट कर दी. यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए एक दुकान में रुक गए थे. आज से सावन शुरू हो गया है जिसके लिए मंदिर में भारी भीड़ जुटी है. सुबह से ही खाटूश्यामजी में जोरदार बारिश हो रही है. बारिश से बचने के लिए कई श्रद्धालु इधर-उधर छांव की तलाश में थे. ऐसा ही एक परिवार श्याम कुंड के दर्शन करने के बाद एक दुकान में जाकर रुक गया.
दुकानदार ने उन्हें बाहर निकलने के लिए कहा, लेकिन तेज बारिश के कारण परिवार बाहर जाने को तैयार नहीं हुआ. श्रद्धालुओं ने दुकानदार से थोड़ी देर रुकने देने की विनती की, लेकिन दुकानदार नहीं माना.
इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार ने श्रद्धालुओं को धक्का देना शुरू कर दिया. श्रद्धालु कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दुकानदारों ने लाठियों और डंडों से मारपीट शुरू कर दी. इस हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बीच सड़क पर श्रद्धालुओं को पीटा जा रहा है.
पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए चार दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया है. थाना अधिकारी ने भी चार लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि मारपीट दुकान के बाहर खड़े होने की बात को लेकर शुरू हुई थी, जो बाद में गंभीर रूप ले गई.
सीकर में देर शाम भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में सीकर जिले में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है. शनिवार शाम को भी मौसम लगभग ऐसा ही बने रहने की संभावना है. वहीं रविवार को कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें गिर सकती हैं.
सावन की शुरुआत के साथ ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में खाटूश्यामजी मंदिर पहुंच रहे हैं, ऐसे में प्रशासन ने मौसम को ध्यान में रखते हुए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप और संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है.




















