बारां: शहर के तेल फैक्ट्री इलाके में स्थित प्रसिद्ध पूड़ी-सब्जी विक्रेता की फैक्ट्री पर मंगलवार शाम को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा टीम ने संयुक्त कार्रवाई की. फैक्ट्री में गंदगी और कई अनियमितताएं मिलने के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से काम बंद करवा दिया है. इसके साथ ही फर्म को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान फूड सेफ्टी ऑफिसर मोजीलाल कुंभकार सहित पूरी टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि फैक्ट्री की हालत बेहद खराब पाई गई. चूहों की आवाजाही, दीवारों और फर्श पर गंदगी, पुराने तेल में बार-बार पूड़ियां तलना जैसे गंभीर मुद्दे सामने आए. डॉ. सक्सेना ने बताया कि इन स्थितियों में खाद्य उत्पादन लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता था.
सैंपल लिए, रिनोवेशन के बाद ही दोबारा अनुमति: फूड सेफ्टी ऑफिसर मोजीलाल कुंभकार ने बताया कि फैक्ट्री से पूड़ी-सब्जी तैयार होकर शहर के अन्य आउटलेट्स और रेलवे स्टेशन तक भेजी जाती थी. फैक्ट्री के मालिक लक्ष्मीकांत खंडेलवाल को नोटिस जारी कर फिलहाल काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही यह भी कहा गया है कि जब तक फैक्ट्री को पूरी तरह से साफ-सुथरा और मानकों के अनुसार दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक दोबारा संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी.




















