चूरू. प्यार का सुरुर ही कुछ ऐसा हो तो वह प्रेमियों को बागी बना देता है. फिर चाहे सामने परिवार हो या फिर समाज. वह दोनों की परवाह नहीं करता है. भले ही इसकी कीमत कुछ भी चुकानी पड़े. ऐसी ही एक प्रेम कहानी फिर से चूरू जिले में सामने आई है. यहां के सरदारशहर की 19 साल की लड़की को स्कूल में साथ पढ़ने वाले अपने ही मोहल्ले के युवक इश्क हो गया. दोनों के बीच जब प्यार बढ़ा तो उन्होंने लव मैरिज करने की ठान ली. लेकिन उनके प्यार की खुमारी लड़की के भाइयों को नहीं भायी और वे लट्ठ लेकर उनके पीछे पड़ गए.
इश्क में डूबी ममता मेघवाल ने बताया कि जब वह 10वीं कक्षा में पढ़ती थी तभी से उसकी जान पहचान उसी के मोहल्ले के सुनील कांटीवाल से हो गई. 2 साल पहले उसने सुनील के बारे में अपने घर पर बता दिया था. उसने परिजनों को बताया कि वह सुनील से शादी करना चाहती है. लेकिन घरवालों ने साफ इनकार कर दिया और दूसरी जगह उसके रिश्ते की बात चलानी शुरू कर दी. ममता ने बताया कि उसके घरवालों ने कहा कि यह लड़का अच्छा नही है. वह दूसरी जगह उसकी शादी कर देंगे.
भाइयों ने दी जान से मार डालने की धमकी
ममता का रवैया देखकर परिजनों ने उसके लिए लड़के की खोचबीन तेज कर दी. यह देखकर ममता ने भी अपने प्यार के लिए परिवार से बगावत करने की ठान ली. वह बीते 17 जून को अपने घर से निकल गई. बाद में सुनील को लेकर दिल्ली जा पहुंची. वहां दोनों ने 19 जून को लव मैरिज कर ली. ममता के भाइयों को जैसे ही इस बात का पता चला तो वे आगबबूला हो गए. उन्होंने ममता और सुनील को जान से मार डालने की धमकी दे डाली.
किसी तरह से हिम्मत करके चूरू पहुंचे
सालों के तेवर देखकर सुनील भी घबरा गया. बाद में दोनों किसी तरह से हिम्मत करके चूरू पहुंचे. यहां वे सीधे पुलिस अधीक्षक के ऑफिस गए. वहां उनको प्यार की कहानी सुनाकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार की. बहरहाल उन्हें पुलिस सुरक्षा तो नहीं मिली है लेकिन आश्वासन जरुर मिला है. इस प्रेमी जोड़े का कहना है चाहे जो हो जाए जीएंगे तो साथ और मरेंगे तो साथ. यह दुनिया चाहे जो कर ले. लेकिन वे एकदूसरे का साथ नहीं छोड़ेंगे.




















