चूरू: अभिभावक भले ऊंची इमारतें और लुभावने इस्तहार देख बच्चों के दाखिले प्राइवेट स्कूल में करा रहे हैं, लेकिन इनमें कई ऐसे स्कूल है, जिन्हें बच्चों की सुरक्षा से कोई लेना देना नहीं है. कुछ ऐसी ही लापरवाही चूरू के रतनगढ़ के निजी स्कूल देखने को मिली. रतनगढ़ मेगा हाइवे पर बच्चों से भरी श्री रघुनाथ सीनियर सैकंडरी प्राइवेट स्कूल की बस के पीछे के दो टायर निकल गए. हादसे में अनियंत्रित हुई स्कूल बस ने पास से गुजर रहे बाइक सवार को चपेट में ले लिया. हादसे के वक्त बस में करीब दो दर्जन बच्चे सवार थे. गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई.
रतनगढ़ थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को प्राथमिक इलाज के बाद उप जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने हायर सेंटर रैफर कर दिया. थानाधिकारी ने बताया कि हादसे के वक्त स्कूल बस में करीब दो दर्जन बच्चे सवार थे. गनीमत रही कि बच्चों के गंभीर चोटें नही आई. हालांकि थाने में किसी ने कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई है. प्रत्यक्षदर्शी अजय सारस्वत ने बताया कि श्री रघुनाथ सीनियर सैकंडरी प्राइवेट स्कूल की बस दौड़ा रहा चालक हादसे के वक्त नशे में था. बस की गति काफी तेज थी. हादसे के बाद मामला बढ़ता देख चालक मौके से भाग निकला. हादसे के बाद अभिभावकों में भी रोष है. अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया.




















