जयपुर: जुलाई के महीने में रिकॉर्ड बारिश के साथ ही प्रदेश भर में छाया हुआ मानसून अब मंद पड़ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कही तेज बारिश होने की संभावना है. आगामी 5-6 दिन पश्चिमी राजस्थान में केवल छिटपुट स्थानों पर ही हल्की बारिश होने और ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है.
आज पांच जिलों में बारिश का यलो अलर्ट : राजस्थान में मानसून की तेज बारिश पर आंशिक विराम लगा है. बीते दो दिन से प्रदेश ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर धीमा दिख रहा है. हालांकि जुलाई के आखिरी सप्ताह में हुई तेज बारिश का असर पूरे प्रदेश में नजर आया. खासतौर पर पूर्वी राजस्थान और सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में जनजीवन और खेती-बाड़ी पर इसका प्रभाव देखा गया. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार के लिए पांच जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक आज अलवर भरतपुर धौलपुर, करौली और दौसा में कुछ इलाकों में माध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इस सप्ताह के आखिर तक पूर्वी राजस्थान में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में हल्की वर्षा की संभावना बनी हुई है.
भरतपुर संभाग में जोरदार बारिश : पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, करौली और दौसा जिलों में रविवार को बारिश दर्ज की गई, जिसमें भरतपुर के रुदावल में सर्वाधिक 63 मिमी वर्षा हुई. बयाना में 51 मिमी, वैर में 50 मिमी और उच्चैन में 47 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. दौसा के बैजूपाड़ा में 29 मिमी और धौलपुर के राजाखेड़ा में 15 मिमी बारिश हुई. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में वर्षा की गतिविधियां बेहद कम रहीं. झालावाड़, प्रतापगढ़ और राजसमंद जैसे इलाकों में केवल 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
शुक्रवार को मनिया थाना इलाके में पार्वती नदी स्थित राडोली रपट पर पानी के तेज बहाव में बहे चालक राकेश की डेड बॉडी को रविवार देर शाम को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर लिया है. परिचालक मुकेश की डेड बॉडी को एक दिन पहले निकाल लिया था. मनिया थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने बताया पार्वती नदी की रपट पर मिनी ट्रक में चार लोग पानी के तेज बहाव में बह गए थे. तत्कालीन समय पर दो लोगों को स्थानीय लोगों ने पानी में छलांग लगाकर बचा लिया था. लेकिन ट्रक का चालक राकेश और परिचालक मुकेश मिनी ट्रक में फंसने की वजह से डूब गए थे.
शुक्रवार हुई घटना के बाद एसडीआरएफ सर्च ऑपरेशन चला रही थी. परिचालक मुकेश की डेड बॉडी को एक दिन पूर्व रेस्क्यू कर लिया था. हाइड्रा मशीन से मिनी ट्रक को भी निकाल लिया था. लेकिन चालक राकेश का सुराग नहीं लग रहा था. रविवार देर शाम को एसडीआरएफ के जवानों ने चालक की डेड बॉडी को भी रेस्क्यू कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया डेड बॉडी को सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है.परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा.
CM करेंगे आपदा ग्रस्त इलाके का दौरा : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशीलता और सक्रियता एक बार फिर सामने आई है. मुख्यमंत्री आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे. उनके साथ कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी मौजूद रहेंगे. मुख्यमंत्री जयपुर से रवाना होकर सवाईमाधोपुर जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे. इसके बाद चकचैनपुरा हवाई पट्टी पर आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे. दौरे के अगले चरण में वे धौलपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायज़ा लेंगे और बिश्नोता हवाई पट्टी पर ग्रामीणों की समस्याएं जानेंगे. मुख्यमंत्री का यह दौरा राहत कार्यों की निगरानी और त्वरित समाधान की दिशा में अहम माना जा रहा है.




















