धौलपुर: मनियां थाना क्षेत्र की पार्वती नदी में शुक्रवार को डूबे मिनी ट्रक को रविवार को तीसरे दिन की रेस्क्यू कार्रवाई में बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, चालक का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है.
बता दें कि हादसा शुक्रवार सुबह राडोली-जसुपुरा रपट पर हुआ था, जब एक मिनी ट्रक तेज बहाव के बीच नदी पार करते समय बह गया था. ट्रक में सवार चार लोगों में से दो को स्थानीय ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया था, लेकिन चालक और परिचालक नदी में ट्रक के साथ डूब गए थे. पहले दिन की कोशिशों में ट्रक और लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका था. शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान ट्रक की लोकेशन का पता चला और एनडीआरएफ की टीम ने परिचालक मुकेश का शव बरामद कर लिया.
वहीं, रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन फिर शुरू किया गया और हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को बाहर निकाल लिया गया. इस दौरान कई तकनीकी परेशानी का करना पड़ा. तहसीलदार देवेन्द्र तिवारी के अनुसार, ट्रक के शीशे टूटे हुए थे और चालक का शव ट्रक के भीतर नहीं मिला. अब भी चालक राकेश पुत्र रोशनलाल 45 वर्ष, आगरा की तलाश की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, राकेश अपने साथियों मुकेश रवि और मुकेश पुत्र मोहन सिंह के साथ मनियां कबाड़ लेने आए थे, तभी यह हादसा हुआ. मनियां थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने बताया कि अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इस बीच राजाखेड़ा क्षेत्र से एक शव मिलने की सूचना मिली है, जिसकी शिनाख्त कराई जा रही है.




















