पाली. राजस्थान के पाली अंतर्गत मारवाड़ थाना क्षेत्र स्थित बाड़सा गांव से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. जिसने पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है. यहां एक गर्भवती महिला ने अपने पति से पानी मांगा, लेकिन उसे पानी की जगह कुएं में धक्का दे दिया गया. यह घटना न सिर्फ रिश्तों की मर्यादा को कलंकित करती है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी गहराई तक झकझोर देती है. महिला 28 घंटे तक महिला कुएं में पड़ी रही और एक पेड़ की टहनी ने उसकी जान बचाए रखी.
सनकी पति के द्वारा उठाया गया यह खौफनाक कदम न सिर्फ दिल दहला देने वाली है. गर्भवती महिला 28 घंटे तक उस अंधेरे, गहरे कुएं में पड़ी रही, जहां ना कोई आवाज सुनने वाला था, ना कोई मदद के लिए आने वाला. लेकिन कहते हैं, जिंदगी की डोर जब मजबूत हो, तो कुदरत भी मदद को आगे आती है. इस महिला की जान एक पेड़ की टहनी ने बचाई, जिसे पकड़कर वह घंटों तक अपनी और अपने गर्भ में पल रहे बच्चे की जिंदगी के लिए संघर्ष करती रही.
28 घंटे तक कुंए में टहनी पकड़कर लटकी रही मिला
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला को उसका पति जंगल में लकड़ियां इकट्ठा करने के बहाने लेकर गया था. गर्मी और थकावट के चलते जब महिला ने पानी मांगा, तो पति ने उसे कुएं के पास ले जाकर अचानक धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया. महिला गर्भवती थी और अचानक इस हमले से घबरा गई, लेकिन किस्मत से कुएं में एक पेड़ की टहनी के सहारे वह बीच में ही अटक गई और पानी में पूरी तरह डूबने से बच गई. महिला ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार मदद के लिए आवाज लगाती रही. लगभग 28 घंटे बाद जंगल में लकड़ियां इकट्ठा करने आए एक परिवार के बच्चों ने कुएं से आती आवाज सुनी. उन्होंने तत्काल अपने परिजनों को बताया और इसकी सूचना पुलिस को दी.सूचना मिलते ही मारवाड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.




















