राजसमंद: जिले के नाथद्वारा स्थित गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय में सोमवार दोपहर तीन दिन का बच्चा चोरी हो गया. नर्स के भेष में आई युवती ने टीका लगवाने के बहाने बच्चे को गोद में लिया और परिजनों को आधार कार्ड लाने भेजकर बच्चे को लेकर फरार हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वारदात के बाद श्रीनाथजी थाना पुलिस ने युवती व बच्चे की तलाश शुरू कर दी. नाथद्वारा के सीमावर्ती इलाके में नाकाबंदी कराई गई.
श्रीनाथजी थाना प्रभारी मोहनसिंह ने बताया कि नाथद्वारा की कच्ची बस्ती, सुखाड़िया नगर निवासी बिंदिया पत्नी चेतन भील ने गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय में 3 दिन पहले बेटे को जन्म दिया. सोमवार दोपहर 2.20 बजे अस्पताल बंद होने के बाद नर्स की ड्रेस में एक युवती आई, जिसने मास्क लगा रखा था. उसने कहा कि जांच करनी है बच्चे को लाओ. बच्चे की बुआ साथ चल दी. युवती बच्चे को गोद में लेकर ऊपरी मंजिल पर गई और बुआ को आधार कार्ड लेकर आने को कहा. इस पर बच्चे की बुआ आधार कार्ड लेने चली गई, तभी युवती सीढ़ियां उतर कर सीधे अस्पताल से बाहर निकल गई. अस्पताल के बाहर राजस्थानी ड्रेस में खड़ी महिला को नवजात बच्चे को थमा दिया. उस महिला के पास बड़ा बच्चा था, जिसे नर्स के भेष में युवती को दे दिया. पहले नर्स के भेष में युवती पैदल आगे निकली और उसके बाद महिला 3 दिन के बच्चे को लेकर चली गई. पूरा घटनाक्रम अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. सूचना पर श्रीनाथजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची व सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आरोपी महिलाओं की तलाश शुरू कर दी.
पुलिस ने कराई नाकाबंदी: नाथद्वारा अस्पताल से बच्चा चोरी होने की घटना के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे से नाथद्वारा, राजनगर, देलवाड़ा, खमनोर क्षेत्र में जगह जगह नाकाबंदी कराई गई. पुलिस ने बस स्टैंड से लेकर आसपास के इलाके में गहन तलाशी अभियान चलाया. युवती व महिला के हुलिए के आधार पर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
पिछले वर्ष भी चोरी हुआ था बच्चा: राजसमंद मुख्यालय स्थित कमला नेहरू चिकित्सालय से 22 मई 2024 को भी बच्चा चोरी हो गया था. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कांकरोली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को दस्तयाब कर लिया था. एक साल ऐसी ही घटना नाथद्वारा के जिला चिकित्सालय में हुई है.




















