धौलपुर: हरियाली तीज के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अपील पर पूरे राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण कार्यक्रम चलाया गया. इसी कड़ी में धौलपुर जिले के सैंपऊ उपखंड क्षेत्र में बेटियों ने अनोखी मिसाल पेश करते हुए 10000 पौधों की कावड़ यात्रा निकाली. पिपहेरा गांव से शुरू हुई इस यात्रा में स्कूली छात्राओं ने हाथों में पौधे लेकर गांव-गांव जाकर पौधारोपण किया और हरियाली का संदेश दिया.
बैंड-बाजों के साथ निकली कावड़ यात्रा: सैपऊ एसडीएम कर्मवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप यह विशेष आयोजन हुआ. यात्रा में 30 गांवों की बच्चियों और ग्रामीणों ने सहभागिता की. बैंड-बाजों के साथ निकली इस हरित यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बना. ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर बच्चियों का समर्थन किया. पौधारोपण धार्मिक स्थलों, पंचायत भवनों, मंदिरों और पार्कों में किया गया. स्कूली छात्राएं पूरे जोश और उमंग के साथ इस अभियान में शामिल रहीं. उन्होंने न सिर्फ पौधे लगाए, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की भी शपथ ली.
जिला स्तर पर 4 लाख पौधे लगाए गए: हरियाली तीज के अवसर पर जिला प्रशासन ने भी बड़े स्तर पर पौधारोपण किया. जिला कलेक्टर निधि बीटी के निर्देश में सरकारी संस्थानों, धार्मिक स्थलों, पार्कों और पर्यटक स्थलों पर कुल 4 लाख पौधे लगाए गए. राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम जिले भर में एक अभियान के रूप में चलाया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों ने भागीदारी की. प्रशासन का कहना है कि हरियाली तीज को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना सरकार की बड़ी पहल है, जिसे जनसहयोग के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है.




















