बूंदी: जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है. बूंदी निवासी अनुज हाड़ा ने ट्रेकिंग के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ‘यंगेस्ट स्लो ट्रेकर ऑफ इंडिया’ की उपाधि प्राप्त की है. उनकी इस अद्वितीय उपलब्धि को यूएस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है. नैनवा रोड स्थित सुदामा सेवा संस्थान के पास रहने वाले 18 वर्षीय अनुज हाड़ा ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के जोबरा से हम्प्टा दर्रे होते हुए छतरु तक का कठिन ट्रेक अकेले पूरा किया. यह लगभग 35 किलोमीटर लंबा और करीब 14,000 फीट ऊंचा ट्रेक था, जिसे अनुज ने सिर्फ 5 दिनों में सफलतापूर्वक पूरा कर देश का तिरंगा लहराया.
अनुज ने बताया कि उनकी यह यात्रा अत्यंत चुनौतीपूर्ण रही. बर्फ, बारिश, गिरते पत्थर और तीखी ठंड जैसे खतरों ने उसका रास्ता रोका, लेकिन उन्होंने दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और परिजनों की प्रेरणा से हार नहीं मानी. उन्होंने बताया कि इस दौरान न तो उनका अपने परिवार से कोई संपर्क था, न ही कोई सुविधा, लेकिन उनके साहस और जज्बे ने असंभव को संभव कर दिखाया.
यूएस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज: इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद यूएस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अनुज का नाम दर्ज हुआ, जिससे पूरे बूंदी शहर में खुशी की लहर दौड़ गई. अनुज के घर पर उनके परिचितों, शुभचिंतकों और मित्रों ने पहुंचकर बधाई और शुभकामनाएं दी. इस अवसर पर अनुज की मां निर्मला राठौर, बड़े भाई अभय प्रताप सिंह, आनंद सनाढ्य, शिवशंकर गौतम, कपिल शर्मा, सोनू आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे. यूएस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा चुके अनुज के बूंदी पहुंचने पर परिजनों के साथ-साथ बूंदीवासियों ने भी उनका स्वागत किया. अनुज ने बताया कि इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और मन में ‘कुछ कर गुजरने’ का संकल्प लिया. उन्होंने कहा कि “मेरे परिजनों ने मुझे हिम्मत दी, तभी मैं इस मुकाम तक पहुँच पाया.”
क्या है यूएस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड? : बता दें कि यूएस बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एक निजी संस्था है, जो विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों और रिकॉर्ड्स को दर्ज करती है. यह संस्था भारत सहित कई देशों में सक्रिय है और लोगों की व्यक्तिगत, सामाजिक, शैक्षणिक, खेल, साहसिक आदि गतिविधियों को प्रमाणित कर सम्मानित करती है. इसका उद्देश्य आम लोगों की अनोखी, प्रेरणादायक, साहसी और रचनात्मक उपलब्धियों को रिकॉर्ड करना है.




















