चूरू: सरदारशहर तहसील के उदासर बीदावतान गांव के मुख्य बस स्टैंड पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जहां एक 10 वर्षीय बच्ची दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान मुख्य सड़क पार करते समय वह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन के नीचे आ गई. हालांकि, इस घटना में उसे खरोंच तक नहीं आई.
भालेरी थानाधिकारी फरमान खान ने बताया कि गनीमत रही कि बच्ची टायरों के बीच इंजन वाले हिस्से के नीचे फंस गई, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई. यदि टायर ऊपर से गुजर जाते तो बच्ची की जान जा सकती थी. इस संबंध में थाने में किसी ने अभी तक कोई शिकायत नहीं दी है. यह घटना गांव के स्टैंड के सामने घटी और पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
हादसे का शिकार होने वाली बच्ची की पहचान कविता नायक के रूप में हुई है. उसे मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया. स्थानीय निवासी राकेश देहड़ू ने बताया कि मुख्य बस स्टैंड पर ब्रेकर नहीं होने के कारण यहां वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है. उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है. कई बार यहां इस प्रकार से हादसे हो चुके हैं.
यह सड़क सरदारशहर को चूरू जिला मुख्यालय से जोड़ती है और यहां भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. ग्रामीणों की मांग है कि मुख्य बस स्टैंड के पास शीघ्र ब्रेकर लगाया जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो. इस मामले में जब पीडब्ल्यूडी विभाग से बात की गई तो अधिकारियों ने बताया कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई ज्ञापन प्राप्त नहीं हुआ है. यदि सड़क पर ब्रेकर की आवश्यकता है तो वे मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे.
ग्रामीणों की मांग :
- मुख्य बस स्टैंड पर तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाया जाए.
- सड़क सुरक्षा के अन्य उपाय जैसे साइनबोर्ड और चेतावनी संकेत लगाए जाएं.




















