कुचामनसिटी: राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ के आह्वान पर डीडवाना के जिला न्यायालय के सभी कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले गए. इस दौरान उन्होंने जिला न्यायालय के सामने धरना दिया और राजस्थान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. जिला बार संघ के वकील भी धरनास्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया. इस आंदोलन के कारण जिला न्यायालय सहित समस्त न्यायालयों में कामकाज प्रभावित हुआ.
संघ के प्रांतीय प्रतिनिधि महिपाल सिंह शेखावत ने बताया कि अधीनस्थ न्यायालयों व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पदस्थापित सामान्य संवर्ग और आशुलिपिक संवर्ग के कैडर पुनर्गठन के लिए राजस्थान उच्च न्यायालय ने प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजा था, लेकिन दो वर्ष बाद भी इस मामले में कोई आदेश पारित नहीं किए गए. राज्य सरकार राजस्थान उच्च न्यायालय की पूर्णपीठ से पारित आदेश व प्रस्ताव की पालना तक सुनिश्चित नहीं कर रही है. यह सीधे तौर पर हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना है.
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से कैडर पुनर्गठन पर कार्रवाई नहीं किए जाने से न्यायिक कर्मचारी संघ ने विरोध स्वरूप अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर जाने का फैसला किया है. इसके तहत डीडवाना में भी सभी न्यायिक कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले गए. उन्होंने बताया कि जब तक सरकार इस मामले में संज्ञान लेकर राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशानुसार कैडर पुनर्गठन का आदेश जारी नहीं करती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.




















