अलवर: जिले के राजगढ़ कस्बे में बदमाशों का आतंक चरम पर है. शुक्रवार को बदमाशों ने डीएसपी ऑफिस के पीछे खड़ी एक कार को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और कार का शीशा तोड़कर 4 लाख रुपए पार कर लिए. घटना की सूचना पर पीड़ित ने राजगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी, जिस पर मौके पर पुलिस पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.
पीड़ित सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि घटना के कुछ देर पहले वह कस्बे के गोल सर्कल स्थित एक बैंक से अपने किसी जरूरी काम के लिए रुपए निकलवा कर लाए. इसके बाद उन्होंने उन रुपए को अपनी कार के डैशबोर्ड में रख दिया. इसके बाद वह राजगढ़ डीएसपी ऑफिस के पीछे अपने एक परिचित के घर मिलने चले गए. परिचित के घर के बाहर उन्होंने अपनी कार को खड़ा किया और अंदर गए. कुछ देर बाद जब वापस बाहर आए, तो उन्होंने देखा कि उनके गाड़ी का शीशा टूटा हुआ है. गाड़ी को चेक किया, तो उनकी गाड़ी से 4 लाख रुपए गायब थे. घटना की सूचना उन्होंने राजगढ़ थाना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके से घटना की जानकारी जुटाई.
पीड़ित सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि थाना पुलिस ने मौके पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसमें दिखा कि एक बाइक पर तीन अज्ञात व्यक्ति बैठकर जा रहे हैं. घटना के संबंध में पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. घटना के बारे में जानकारी देते हुए राजगढ़ थाना एसएचओ राजेश मीणा ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कार से चार लाख रुपए चोरी की घटना की सूचना मिली, जिस पर कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर तीन संदिग्ध लोगों की पहचान की. संदिग्ध लोगों की तलाश के लिए टीम प्रयास कर रही है.




















