जयपुर: खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स से जुड़ा पावर हाउस है. ऑस्ट्रेलिया आज हर खेल में काफी बेहतर है. स्पोर्ट्स साइंस में उन्होंने महारत हासिल की है. दो दिवसीय टॉक जर्नलिज्म कार्यक्रम में शनिवार को हुई परिचर्चा में ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर के साथ बातचीत हुई और खेलों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल से जुड़ी बारीकियों पर बातचीत हुई. ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स मैनेजमेंट और स्पोर्ट्स टेलिकास्ट में काफी आगे निकल चुका है. ऐसे में देश और राजस्थान ऑस्ट्रेलियन स्पोर्ट्स कल्चर से काफी कुछ सीख सकता है.
टॉक जर्नलिज्म कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भाग लिया. इस दौरान उनके साथ परिचर्चा में लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और ऑस्ट्रेलियन हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन मौजूद रहे. इस दौरान खेल और उनसे जुड़े मुद्दों को लेकर परिचर्चा की गई.
ओलंपिक का आयोजन: कार्यक्रम में खेल मंत्री ने कहा कि वर्ष 2032 का ओलंपिक ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होगा. खेलों से जुड़ा इतना बड़ा आयोजन करना अपने आप में काफी मुश्किल होता है. लेकिन ऑस्ट्रेलियन स्पोर्ट्स कल्चर काफी मजबूत है. भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक के आयोजन को लेकर अपनी दावेदारी पेश कर रहा है, ऐसे में आयोजन किस तरह हो और तैयारियां इस तरह की जाएं, यह सभी चीजें ऑस्ट्रेलिया से सीखी जा सकती है.
राजस्थान टाईअप: खेल मंत्री ने इस बात पर भी संभावना जताई है कि आने वाले समय में ऑस्ट्रेलिया से टाईअप करके खेलों का राजस्थान में विस्तार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया यूनिवर्सिटी और राजस्थान की अलग-अलग यूनिवर्सिटी आपस में टाईअप करें, तो हम खेलों से जुड़े काफी गतिविधियां यहां के खिलाड़ियों को सिखा सकते हैं. वहीं ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में खेल और उससे जुड़े बिजनेस की काफी संभावनाएं हैं. ऑस्ट्रेलिया में स्पोर्ट्स से जुड़ा एक इकोसिस्टम डेवलप किया गया, जिसके कारण ही आज ऑस्ट्रेलिया खेलों में इतना आगे है.




















