कोटा : प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लगातार शिक्षकों के अश्लील हरकतें करने या छात्र-छात्राओं को परेशान करने के मामले सामने आ रहे हैं. पूरे साल में करीब एक दर्जन से ज्यादा ऐसे शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है, जिनमें महिला टीचर भी शामिल है. कई शिक्षक के अशोभनीय व्यवहार से शिक्षा के मंदिरों को कलंकित कर रहे हैं. अब इन सारी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के शिक्षा पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने निर्णय लिया है कि वह खुद इन शिकायतों की मॉनिटरिंग करेंगे. इसके लिए मोबाइल ऐप बनवाने जा रहे हैं. इस मोबाइल ऐप के जरिए कोई भी विद्यार्थी गोपनीय रूप से शिकायत कर सकेगा, जिसकी पूरी जानकारी शिक्षा विभाग के शासन सचिव और स्वयं मंत्री मदन दिलावर तक पहुंचेगी. जिस पर वे एक्शन लेंगे, शिकायत का सत्यापन करवाया जाएगा और वह सही पाई जाने पर तत्काल एक्शन भी होगा. इससे स्कूलों में हो रहे अशोभनीय कृत्यों में भी कमी आएंगी. शिक्षा का स्तर ऊंचा उठने के साथ बच्चों को अपनी बात उचित जगह पहुंचाने का एक प्लेटफार्म भी मिल जाएगा.
निजी विद्यालय के बच्चे भी कर सकते हैं शिकायत : मंत्री मदन दिलावर का कहना है कि सरकारी ही नहीं निजी विद्यालय के बच्चे भी उन्हें इस मोबाइल ऐप के जरिए शिकायत कर सकते हैं. शिकायत करने वाले बच्चे का नाम गोपनीय रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्कूल में पढ़ाई, टीचर्स के परेशान करने, ठीक से नहीं पढ़ाने, भेदभाव, ट्यूशन के लिए प्रताड़ित करना, अश्लील हरकत सहित अन्य शिकायतें कर सकते हैं. इसके अलावा स्कूल की बिल्डिंग, खेल मैदान, टॉयलेट और मिड डे मील से संबंधित शिकायत भी की जा सकती है. हाल में हुई घटनाएं शिक्षा के मंदिरों को बदनाम कर रही हैं. ऐसे में सरकारी ही नहीं निजी विद्यालयों के बच्चे भी शिकायत कर सकते हैं.
दो दर्जन से ज्यादा शिक्षक निलंबित : बीते 10 दिनों में ही स्कूलों में अश्लील हरकतें करने के तीन मामले सामने आए हैं, जबकि कई तरह की शिकायत शिक्षकों की ओर से भी आ रही है. मंत्री मदन दिलावर ने ऐसे कई मामलों पर संज्ञान लेते हुए दो दर्जन से ज्यादा शिक्षकों को निलंबित किया है. यहां तक की कई शिक्षकों को तो बर्खास्त भी करवा दिया है. इन शिक्षकों पर कई गंभीर आरोप लगे थे. इसमें हाल ही में चित्तौड़गढ़ के बेगूं इलाके में 59 वर्षीय शिक्षक के अश्लील वीडियो सामने आए थे. वे स्कूल में ही बच्चों से गलत काम करवा रहे थे. इसी तरह से भीलवाड़ा जिले में भी मांडलगढ़ इलाके में एक सरकारी स्कूल में बालिका के साथ ही आपत्तिजनक हरकत टीचर कर रहा था. कोटा जिले के मोड़क में सरकारी स्कूल में 11वीं पढ़ रही स्टूडेंट्स को फिजिक्स की महिला टीचर के जानबूझकर फेल करने की शिकायत आई थी, जिसमें शिक्षिका को निलंबित किया गया है.




















