बीकानेर : झालावाड़ में स्कूल में हुए हादसे के बढ़त अब शिक्षा विभाग पूरे प्रदेश में जर्जर स्कूलों को लेकर गंभीर हो गया है और शासन सचिव के आदेशों के बाद अब हर जिले में जर्जर स्कूलों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है. शिक्षा सचिव कृष्ण कुणाल ने प्रदेश भर के शिक्षा अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक लेकर अगली चार दिन में जर्जर स्कूलों को लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं. वहीं इस काम में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो इसको लेकर शिक्षा विभाग ने अधिकारियों और कार्मिकों की अगले आदेश तक अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया है. इसको लेकर शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने रविवार को अवकाश के दिन आदेश जारी किए.
शिक्षकों को लेकर भ्रम की स्थिति : हालांकि शिक्षा निदेशक के अवकाश पर प्रतिबंध के आदेश में कार्मिकों और अधिकारियों का उल्लेख है लेकिन शिक्षकों को लेकर कोई जिक्र नहीं है. वहीं इसके चलते शिक्षकों में भी भ्रम की स्थिति है. दरअसल आदेश में साफ तौर पर उल्लेख किया गया है कि भारी वर्षा और विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा के मद्देनजर जर्जर भवनों के सर्वेक्षण की काम के चलते सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की अवकाश पर रोक लगाई जाती है. इसके अलावा शिक्षा निदेशक ने आदेश में कर्मचारी और अधिकारियों को बिना पूर्व उच्च अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर भी रोक लगाई है.




















