झालावाड़: जिले के कामखेड़ा बालाजी धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अकलेरा क्षेत्र के कलमोदिया चौराहे पर पलट गई. ट्रॉली में सवार 24 लोग घायल हो गए. इनमें महिलाएं व बच्चे शामिल हैं. ग्रामीणों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अकलेरा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि 12 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर कर दिया. सभी पीड़ित बारां जिले के रहने वाले हैं.
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ.कुलवीर राजावत ने बताया कि बारां जिले के छीपाबड़ौद से श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर कामखेड़ा दर्शन को आए थे. दर्शन के बाद श्रद्धालु छीपाबड़ौद लौट रहे थे कि कलमोडिया चौराहे पर ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. चारों ओर चीख पुकार मच गई. मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्रॉली के नीचे फंसे श्रद्धालुओं को निकाला. सभी घायलों को एंबुलेंस से अकलेरा अस्पताल लाया गया. हादसे में घायल 24 में से 12 को इलाज के बाद घर भेज दिया. वहीं 12 लोगों को जिला अस्पताल रैफर किया है. इनके फैक्चर तथा गंभीर चोटें हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. गौरतलब है कि मनोहरथाना स्थित कामखेड़ा बालाजी धाम जिले का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है. यहां ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर पहुंचते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में साधनों की कमी के कारण मजबूरी में ट्रॉलियों से यहां पहुंचना पड़ता है.




















