जयपुर : राजधानी जयपुर में बम की धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पहले जयपुर एयरपोर्ट और सीएमओ में बम धमाकों की धमकी मिली थी. वहीं, आज जलेब चौक स्थित प्राइवेट स्कूल को बम धमाके की धमकी मिली है. धमकी भरा ई मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी मच गई, हालांकि स्कूल में तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा. पूरे स्कूल परिसर की गहन जांच की गई. इस दौरान स्कूल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई. हालांकि, तलाशी के दौरान स्कूल में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के साथ ही पुलिस-प्रशासन ने भी राहत की सांस ली. बता दें कि स्कूल प्रबंधन को 16 जून को भी एक धमकीभरा मेल मिला था. हालांकि, सर्च ऑपेरशन में तब भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी. इस स्कूल के पास ही डीसीपी (उत्तर) का ऑफिस भी है.
जांच में नहीं मिली संदिग्ध वस्तु : माणक चौक एसीपी पीयूष कविया ने बताया कि सोमवार सुबह जलेब चौक स्थित स्कूल प्रबंधन को एक धमकी भरा ईमेल मिला था. इसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इसके बाद स्कूल परिसर को खाली करवाकर तलाशी ली गई थी. हालांकि, तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. बता दें कि शनिवार को जयपुर एयरपोर्ट और सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. हालांकि, जांच में वहां भी कुछ नहीं मिला था.
पुलिस-प्रशासन ने ली राहत की सांस : जलेब चौक स्थित स्कूल के पास ही सिटी पैलेस स्थित है, जहां बड़ी संख्या में देसी-विदेशी सैलानी आते हैं. इसके अलावा गोविंददेव जी मंदिर, जंतर-मंतर और हवा महल भी कुछ ही दूरी पर स्थित है. ऐसे में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. मौके पर दमकल और एम्बुलेंस की गाड़ियों की तैनाती की गई. सिविल डिफेंस की टीमों को भी तैनात किया गया. हालांकि, तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर सबने राहत की सांस ली है.
कोर्ट, स्टेडियम, मेट्रो को भी मिली धमकियां: बता दें कि इससे पहले जयपुर में सवाई मानसिंह स्टेडियम, मेट्रो रेल और मेट्रो रेलवे स्टेशन व दो कोर्ट परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं. पिछले दिनों जयपुर में दो कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इससे पहले लगातार एसएमएस स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकियां मिली थी. वहीं, मेट्रो और मेट्रो रेलवे स्टेशन को भी बम से उड़ाने की धमकियां पहले मिली थी. हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी.




















