जयपुर: राजधानी जयपुर में बम की धमकियां मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा. अब विद्याधर नगर इलाके में एक प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली. स्कूल को सोमवार को ईमेल के जरिए धमकी भरा मैसेज मिला. बम की सूचना से स्कूल और प्रशासन में हड़कंप मच गया. प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल परिसर खाली कराया. पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसिया मौके पर पहुंची व सर्च ऑपरेशन चलाया गया. बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी. हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली.
एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत के मुताबिक, विद्याधर नगर की प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल मिला. स्कूल की ऑफिशियल आईडी पर रविवार रात में भेजे ईमेल में स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे स्कूल प्रशासन ने ईमेल देखा तो पुलिस को सूचना दी. पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसी मौके पर पहुंची. स्कूल खाली कराया. स्कूल में करीब 3500 बच्चे थे. इस बीच, परिजन बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए.
सुरक्षा एजेंसियां पहुंची: बम की सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम स्क्वायड, सिविल डिफेंस समेत सभी सुरक्षा एजेंसिया स्कूल पहुंची. स्कूल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड ने भी जांच की. हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इस पर प्रशासन ने राहत की सांस ली. पुलिस मामले की जांच में जुट गई. साइबर एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है. ईमेल भेजने वाले का पता लगाया जा रहा है.
एयरपोर्ट व स्टेडियम को मिल चुकी धमकियां: इससे पहले 26 जून को जयपुर के एक अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. हालांकि तब भी सर्च ऑपरेशन में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी. इससे पहले एसएमएस स्टेडियम को भी बम से उड़ाने की धमकी कई बार मिली. 9 मई को जयपुर मेट्रो को धमकी दी थी. 13 मई 2024 को जयपुर बम ब्लास्ट की बरसी पर जयपुर शहर के करीब 56 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.




















