चूरू: प्रदेश में झालावाड़ स्कूल जैसा एक और हादसा होने से बच गया. चूरू जिले के सरदारशहर तहसील के हरदेसर गांव के राजकीय विद्यालय का बरामदा मरम्मत के दौरान गिर गया और नीचे दबने से मजदूर घायल हो गया. गनीमत रही कि रविवार की छुट्टी होने के कारण स्कूल में विद्यार्थी नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल शर्मा ने बताया कि हरदेसर के राजकीय विद्यालय का कुछ हिस्सा पूरी तरह से जर्जर हो चुका था. उसे देखते स्कूल प्रशासन भवन की मरम्मत करा रहा था, तभी वहां पर मजदूरी कर रहे भावनदेसर निवासी 32 वर्षीय ख्यालीराम नायक पर बरामदा गिर गया. गनीमत रही कि बरामदे का मलबा मजदूर के पैर के हिस्से की तरफ गिरा. वहां काम कर रहे लोगों ने तुरंत मजदूर को मलबे से निकाला और एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कर लिया.
शिक्षा अधिकारी शर्मा ने बताया कि बरामदा गिरने से घायल मजदूर का राजकीय अस्पताल में इलाज जारी है. गनीमत रही कि रविवार का दिन होने के कारण स्कूल में विद्यार्थी नहीं थे. उधर, ग्रामीणों ने बताया कि जहां बरामदा गिरा, उसी जगह बच्चे खेलते हैं. अगर स्कूल चालू होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
10 में से सात कमरे जर्जर: 12वीं तक के इस विद्यालय में 10 में से सात कमरे जर्जर हैं. दो में कक्षाएं लगती है और एक कक्ष में स्कूल का ऑफिस है. स्कूल के अध्यापक रणवीर सिंह ने बताया विद्यालय में 442 बच्चों का नामांकन है. स्कूल के जर्जर भवन की स्थिति के बारे में विद्यालय प्रबंधन हर साल जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को अवगत कराता है, लेकिन जिम्मेदार बेखबर है.
जोधपुर में रात को गिरी स्कूल की छत : जिले के शेरगढ विधानसभा के बालेसर की एक ग्राम पंचायत में सरकारी स्कूल की छत गिर गई. गनीमत रही कि यह घटना शनिवार रात को हुई. जिसके चलते किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई. स्कूल के हॉल और आगे की छत गिर गई. रविवार को सुबह हरियाली तीज पर पौधारोपण कार्यक्रम के लिए बच्चे और अधिकरी पहुंचे तो घटना का पता चला. जिसके बाद शिक्षा विभाग के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ओमकारमल शर्मा और अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गायड सिंह गोगादेव स्कूल भवन का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने बताया कि इसकी सूचना जिला मुख्यालय के अधिकारियेां को दे दी है. घटना के वीडियो-फोटो भी भेजे हैं. यह घटना ग्राम पंचायत जाटी भांडू के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल गुंदियाल नाड़ी में हुई.




















