कोटा: प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर कोटा दौरे पर हैं. इस दौरान कोटा के प्रसिद्ध चंबल गार्डन में अतिक्रमण देख कर वे भड़क गए. उन्होंने मौके पर ही नगर निगम अधिकारियों से कहा कि वे इसे तुंरत हटाएं. चंबल गार्डन कोटा की शान है. यहां अतिक्रमण के नाम पर मंदिर, मस्जिद या मजार कुछ भी हो उसे हटाना ही चाहिए. अधिकारियों ने जब अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने की बात कही तो वे बोले, ‘ उन्होंने आपसे पूछकर अतिक्रमण किया था क्या जो आप उन्हें नोटिस दोगे.’
मंत्री दिलावर नगर निगम कोटा दक्षिण की ओर से आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चंबल गार्डन पहुंचे थे. इस दौरान विधायक संदीप शर्मा भी थे. नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद थे. मंत्री दिलावर चंबल गार्डन के ही हिस्से में बने ट्रैफिक गार्डन में अतिक्रमण देखकर नगर निगम के अधिकारियों पर नाराज हो गए.
उन्होंने भड़कते हुए कहा कि किसी के बाप का राज नहीं है. अतिक्रमण को अतिक्रमण की नजर से देखना चाहिए. मजाक बना रखा है. मंदिर, मस्जिद या मजार कुछ भी हो हटनी चाहिए. दिलावर ने कहा कि चंबल गार्डन देश का फेमस गार्डन था. हाड़ौती के लोग जब भी कोटा आते थे तो यह सपना रहता था कि चंबल गार्डन देखना है, लेकिन आज यहां पर आना भी मुश्किल हो रहा है. अब यह समाजकंटकों का अड्डा बन गया है.
आपसे पूछकर किया था क्या अतिक्रमण: उन्होंने नगर निगम कोटा दक्षिण के कमिश्नर अनुराग भार्गव से कहा कि मुझे यह अतिक्रमण हटाने का पूरा प्लान चाहिए. यह बताएं कि अतिक्रमण कब तक हट जाएगा? इस पर भार्गव ने उन्हें कहा कि एक बार पहले भी यह मुद्दा आया था और अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जाएगा. इस पर मंत्री नाराज हो गए और बोले कि आपसे पूछ कर अतिक्रमण किया है क्या? उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नियम कानून बदल दिए हैं. इनके पास पट्टा है क्या? आपको पता है कि अतिक्रमण किसने किया है? क्या आपसे पूछ कर किया है या आपसे अनुमति ली है? फिर किसे नोटिस जारी किया जाएगा. इसको तुरंत हटा दिया जाए. यह गार्डन किसी बपौती नहीं है. इस बीच विधायक संदीप शर्मा बोले कि कोई भी किसी भी जगह इस तरह से नहीं अतिक्रमण कर सकता है.




















