जैसलमेर: जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया. झिनझिनयाली थाना क्षेत्र के रणधा गांव के एक खेत की डिग्गी में नहाने गए दो युवक डूब गए. रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम ने दोनों के शव पानी से बाहर निकाले. मृतकों की पहचान 16 वर्षीय रणधा के ही मुकेश नाथ पुत्र चंदूनाथ और बाड़मेर के 18 वर्षीय मेवनाथ पुत्र बंशीनाथ के रूप में हुई है.
झिनझिनयाली के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि हादसा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ, जब दोनों युवक खेत में बनी डिग्गी में नहाने के लिए उतरे. काफी देर तक वे नजर नहीं आए तो ग्रामीणों को शक हुआ. बाहर पड़े जूते-चप्पलों से उनके डिग्गी में डूबने की आशंका हुई.
उन्होंने डिग्गी में उनकी तलाश शुरू की. डिग्गी में बारिश के चलते पानी और कीचड़ काफी ज्यादा था, जिससे स्थानीय लोग खुद बचाव कार्य नहीं कर सके. झिनझिनयाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जोधपुर से एसडीआरफ टीम को बुलाया गया. टीम ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. पहला शव रात 8 बजे और दूसरा देर रात 2 बजे बरामद हुआ.
मजदूरी के लिए आए थे: थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक युवक रणधा गांव में किसी के खेत में परिवार सहित मजदूरी करने आए थे. मेवनाथ की सगाई मुकेश नाथ की बहन से हो चुकी थी. बुधवार को दोनों खेत में बनी डिग्गी में नहाने गए थे, लेकिन गहराई और कीचड़ के चलते पानी में डूब गए. हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. प्रशासन ने उचित मुआवजे का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए. दोनों शवों को झिनझिनयाली के सामुदायिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.




















