कोटा : जिले के चेचट इलाके क्षेत्र के गुड़ाला गांव के नजदीक खेत के नजदीक एक अजगर ने सियार के बच्चे का शिकार कर लिया. वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम को देखा, जिसके बाद अफरा तफरी जैसा माहौल हो गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पर अजगर को देखने के लिए पहुंच गए. इसके बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग को भी सूचना दी.
मोड़क इलाके के रेंजर मनीष मीणा ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी. साथ ही आसपास के ग्रामीणों को दूर कर किया था. यह लोग बार-बार फोटो वीडियो बनाने के लिए वहां जा रहे थे. तब तक अजगर सियार के बच्चे को पूरा निगल चुका था. ग्रामीणों को समझा दिया था कि अजगर कुछ देर पाचन क्रिया करेगा और उसके बाद में मौके निकल जाएगा. ऐसा ही अजगर ने किया है. रेंजर मनीष मीणा के अनुसार यह घटनाक्रम दो दिन पुराना है, जिसका वीडियो भी सामने आया है.
रेंजर मनीष मीणा का कहना है कि वह पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. यह 10 फीट लंबा अजगर पहले ही शिकार कर चुका था. ऐसे में उसका रेस्क्यू करना भी मुश्किल था, क्योंकि वह शिकार को उगल देता. उसकी सुरक्षा को देखते हुए टीम तैनात कर दिया था. अजगर शिकार करने के बाद इस जगह से थोड़ी दूर चला गया था. रेंजर मीणा का कहना है कि अजगर को शिकार को पचाने में 3 से 5 दिन का समय लगता है. किसानों को खेत से बाहर की सीमा में जाने के लिए फिलहाल रोका हुआ है, लेकिन अजगर से किसी को कोई खतरा नहीं है.




















