राजसमंद: जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र में 7 घंटे से भारी बारिश हो रही है. तीन दिन सूखे के बाद राजसमंद जिले में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश हुई. विशेषकर कुंभलगढ़ तहसील क्षेत्र में भारी बारिश हुई. इसके चलते ओड़ा- कणुजा मार्ग पर तालाब ओवरफ्लो हो गया. सड़क पर अचानक पानी आने से बच्चों को लेकर जा रही स्कूली वेन व दो युवक फंस गए. इधर, वेरो का मठ क्षेत्र में नाला उफान पर आने से एक महिला बह गई. एसडीएम एसडीआरएफ की टीमों के साथ मौके पहुंचे.
कुंभलगढ़ के उपखंड अधिकारी गोविंदसिंह रतनू ने बताया कि सुबह दस बजे के बाद से भारी बारिश हो रही है. इसके चलते वेरो का मठ से परशुराम महादेव मंदिर मार्ग पर नाला उफान पर आ गया, जिससे एक विक्षिप्त महिला बह गई.
क्षेत्रीय लोगों ने बचाव के प्रयास किए, लेकिन नहीं बचा पाए. राजसमंद से एसडीआरएफ व आपदा प्रबंधन की टीम बुला ली गई. इस बीच कुंभलगढ़ से उदयपुर मार्ग पर ओड़ा व कणुजा के पास तालाब ओवरफ्लो हो गया. इसकी वजह से स्कूल वेन बीच रास्ते में फंस गई. वेन में आठ बच्चे थे. दो युवक भी वेन के पास एक पेड़ के सहारे अटके हुए हैं. प्रशासन इन्हें बचाने के प्रयास कर रहा है.




















