उदयपुर: जिले के बड़गांव थाना इलाके में सास और बहू की मौत का दर्दनाक व सनसनीखेज मामला सामने आया है. घर में आपसी कहासुनी के बाद बहू ने आत्महत्या की कोशिश की. जिसे बचाने आई सास भी आग की चपेट में आ गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
बड़गांव थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि गुरुवार रात 8:30 बजे जिंडोली निवासी 35 वर्षीय युवती का घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद युवती ने घर के सामने बाड़े में बने एक कमरे में आत्महत्या की कोशिश की. उसे बचाने गई सास भी आग से झुलस गई. कमरे में चारा व अन्य सामान में भी आग फैल गई. इससे सास व बहू दोनों की मौत हो गई. आग के कारण दोनों के सिर्फ कंकाल बचे. सास-बहू के कड़े बच गए.
पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बाड़े में चारे के कारण आग विकराल हो गई. लोग कमरे के पास नहीं जा पाए और दूर से पानी छिड़कते रहे. सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें पहुंची. फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया. इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम कमरे में घुसी.वहां एक कोने में सास-बहू के जले शव पड़े थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.




















