जोधपुरः जिले की ग्रामीण पुलिस की खेड़ापा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फलुएंसर एवं कॉमेडियन हिम्मताराम उर्फ हिम्मता बॉ की पत्नि के फोटो एवं विडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण नारायण टोगस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फोटो एवं वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है. उन्होंने बताया कि जोधपुर ग्रामीण के साइबर सैल एवं पुलिस थाना खेडापा ने फोटो एंव वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की मांग करने वाले वाले सुरेश एवं गैनाराम को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि 15 जुलाई को हिम्मताराम उर्फ हिम्मताबा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उसकी पत्नी की फोटो विडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे हैं.
टीमें की गठितः आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी भोपाल सिंह लखावत के सुपरविजन में टीमें गठित की गई. टीम ने सीओ भोपालगढ़ भूराराम भोपालगढ़ के निर्देशन में अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई थी. टीमों ने तकनिकी डाटाबेस के आधार पर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी सुरेश पुत्र प्रभुराम निवासी हरढाणी व गैनाराम पुत्र बीरमाराम निवासी हरढाणी, जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया है. पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.
लाखों फॉलोवर हैं हिमताबा केः हिमताराम खदाव हिमता बा के नाम से मशहूर है. इंस्टाग्राम पर एक मिलियन से ज्यादा फॉलोअर हैं. हाल ही में इनका विवाह हुआ था, उसके बाद उनकी पत्नी के कुछ फोटो और वीडियो आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे. इसे रोकने के लिए बीस लाख रुपए की फिरौती मांगी थी. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी.




















