अलवर: विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाले भाजपा से तीन बार विधायक रहे और अब पार्टी से निष्कासित ज्ञानदेव आहूजा ने झालावाड़ में पिछले दिनों मरम्मत के अभाव में स्कूल भवन गिरने से बच्चों की मौत की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत पर कटाक्ष किया है. उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं को अपने 25 साल के राज में स्कूलों के जर्जर भवनों की मरम्मत का कभी ख्याल नहीं आया और एक भी पैसा खर्च नहीं किया. अब स्कूल भवन गिरने की घटना हुई तो ये प्रदेश के सीएम भजनलाल शर्मा व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर में कमी निकाल रहे हैं. उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी आरोप लगाया.
पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने आरोप लगाया कि अपने स्वार्थ के लिए राजनीतिक लोग व प्रमुख नेता अपने राज में किए कामकाज को देखने के बजाय दूसरे नेताओं के कार्यकाल में कमी निकालते हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले 25 वर्ष, जिनमें 15 साल अशोक गहलोत मुख्यमंत्री रहे और 10 वर्ष वसुंधरा राजे सीएम रहीं, तब इन्होंने अपने राज में विद्यालयों में एक भी रुपया नहीं लगाया. इनके कार्यकाल में गबन और घोटालों के अलावा कुछ नहीं हुआ. आज प्रदेश में स्कूल व कार्यालयों के जर्जर भवनों के गिरने की घटनाएं हो रही हैं, तो ये नेता अपने राज की कमियां छिपा रहे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को कोस रहे हैं.
आहूजा ने कहा कि झालावाड़ जिला पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का क्षेत्र है, जहां से वे विधायक हैं और उनके पुत्र वहां सांसद हैं. उन्हीं के क्षेत्र में जर्जर स्कूल भवन गिरने से 7 बच्चों की मौत की घटना पर झूठे आंसू बहा रही हैं. बच्चों व उनके परिवार के सपने टूट गए, जबकि हकीकत यह है कि अपने राज में खुद ने एक भी पैसा स्कूल भवनों की मरम्मत पर नहीं लगाया. उन्होंने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने खुद स्कूलों की दशा सुधारने के लिए पैसा नहीं खर्च किया और अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व शिक्षा मंत्री मदन दिलावर में कमी निकाल रहे हैं.
स्कूल भवन गिरने का अपराध राजे व गहलोत ने किया : आहूजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्कूल भवनों के गिरने का अपराध पूर्व सीएम वसुंधरा राजे व अशोक गहलोत ने किया. स्कूलों के साथ शिक्षा अधिकारियों के भवन भी जर्जर हो रहे हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए और जनता को इनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दायर करना चाहिए.
राहुल कभी नहीं बन सकते पीएम, मोदी ही रहेंगे अभी 10 साल : पूर्व विधायक आहूजा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर कहा कि कांग्रेस के ये दोनों नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी करते हैं. जबकि जनता जानती है कि वे खुद क्या हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बेतुकी बयानबाजी कर देश के प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि अभी आगामी 10 साल और नरेन्द्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री रहेंगे.




















