कोटा : कोटा संभाग में एक बार फिर बारिश का जोर शुरू हो गया है. देर रात से शुरू हुई बारिश के चलते कोटा जिले के अयाना और रामगंजमंडी इलाके के खैराबाद में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. खैराबाद में अचानक पानी की आवक बढ़ गई, जिसके बाद सुबह 3 से 4 बजे तक घरों में पानी प्रवेश करना शुरू कर गया. देखते ही देखते 7-8 फीट पानी घरों में भर गया. लोगों के घरों में रखा सामान डूब गया. इलाके के कुदायला और हिरियाखेड़ी में हालात विकट हो गए हैं.
रामगंज मंडी की तहसीलदार नेहा वर्मा का कहना है कि कुदायला में रेस्क्यू शुरू कर दिया है. करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों को निकाला गया है. वहां पर पानी लगातार बढ़ रहा था. मकान भी कुछ कच्चे थे, इसलिए रेस्क्यू करना जरूरी था, जबकि खैराबाद में ऐसी स्थिति नहीं है. लोग घरों से बाहर नहीं निकलना चाह रहे हैं. उन्होंने आसपास ही शरण ले ली है. इन लोगों के लिए खाने की व्यवस्था भी करवाई जा रही है.
घरों में हो गया काफी नुकसान : खैराबाद के रहने वाले प्रदीप का कहना है कि उनके मकान में अचानक पानी की आवक हुई और देखते ही देखते 8 से 10 फीट पानी हो गया. जब तक वह अपने परिजनों को संभाल कर ऊपर की तरफ शिफ्ट करते उससे पहले ही सामान गीला हो गया. रसोई के सामान से लेकर बेडरूम और अन्य सामान खराब हो गए. रामगंजमंडी थाना अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार में बताया कि लोगों को घरों से निकाल रहे हैं. हालांकि, सामानों को निकालना संभव नहीं है, क्योंकि एकाएक बारिश का पानी भर गया था.
सड़कों से दरिया की तरह निकल रहा पानी : सड़कों से दरिया की तरह पानी निकल रहा है और बहाव काफी तेज है. लोग इस पानी के चलते सड़क पार नहीं कर पा रहे हैं. सावधानी के लिए बिजली की सप्लाई भी बंद कर दी गई है, ताकि करंट के चलते कोई दुर्घटना नहीं हो. कांग्रेस नगर अध्यक्ष पवन बाबेल ने आरोप लगाया है कि रामगंजमंडी नगर पालिका ने ठीक सफाई नहीं करवाई. केवल नालों के सफाई के टेंडर हुए और इतिश्री उनमें की गई. इसके चलते ही रामगंजमंडी में पानी भरा है, जबकि खैराबाद, हिरियाखेड़ी और कूदायला के आसपास के इलाकों में बड़े नाले में पानी आने के चलते ही पानी भर गया है. यह नाले अतिक्रमण की चपेट में आ गए हैं, जिससे नाले छोटे हो गए. इसका पानी बस्तियों में प्रवेश कर गया है.
धौलपुर में बरसात बनी आफत : पार्वती बांध के कैचमेंट एरिया में अधिक बारिश होने की वजह से बुधवार देर शाम को जल संसाधन विभाग ने बांध के 5 गेट खोलकर 5500 क्यूसेक पानी रिलीज किया है. अधिक बारिश हुई तो अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं. अधिषाशी अभियंता राजकुमार सिंघल ने बताया कि बांध की भराव क्षमता 223.41 मीटर है. पानी की आवक होने की बजह से गेज लेवल 223 मीटर पहुंच गया है. डांग क्षेत्र में हो रही बारिश का पानी तेजी से बांध में प्रवेश कर रहा है. धौलपुर कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने अलर्ट जारी किया है. पार्वती नदी के निकले एवं तटीय क्षेत्र में बसे लोगों को सावधान रहने की अपील की है.
वहीं, गुरुवार को सैपऊ थाना पुलिस ने पार्वती नदी पर बाइक से स्टंड करने के साथ सेल्फी, फोटो, रील बनाने के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस द्वारा अचानक पार्वती नदी पर की गई कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह मीणा ने बताया बारिश की वजह से नदियां, तालाब, झरना सभी उफान पर हैं. इसके बावजूद कुछ लापरवाह लोग पानी से खिलवाड़ करने पहुंच जाते हैं. बाइक से स्टंट करते हैं. सेल्फी फोटो, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील अपलोड करते हैं.




















